
मजिस्ट्रेट व पुलिस की मौजूदगी में खुला विवादित दुकान का ताला
मुंगेर में कोतवाली थाना के नीलम चौक पर प्रमोद जायसवाल के विवादित दुकान का ताला न्यायालय के आदेश पर खोला गया। मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में ताला खोला गया, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने फिर से ताला लगाने का प्रयास किया। थानाध्यक्ष ने सख्त चेतावनी दी कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मुंगेर, निज संवाददाता । कोतवाली थानान्तर्गत नीलम चौक स्थित प्रमोद जायसवाल के विवादित दुकान का ताला गुरुवार की दोपहर न्यायालय द्वारा प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट और कोतवाली थाना पुलिस की मौजूदगी में खुलवाया गया। इस दरम्यान वहां काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। मजिस्ट्रेट व पुलिस द्वारा दुकान का ताला खुलवा कर मालिक प्रमोद जायसवाल को चाबी सौंपने के पश्चात पुलिस लौट गई। इसके बाद पुन: कुछ असामाजिक तत्व जबरन दुकान में ताला लगाने का प्रयास करने में जुट गए। हालांकि इसकी सूचना मिलने पर कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव तिवारी दल बल के साथ दोबारा नीलम चौक पहुंचे। थानाध्यक्ष ने असामाजिक तत्वों को सख्त लहजा में चेतावनी देते हुए कहा कि न्यायालय के आदेश पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दुकान का ताला खुलवाया गया है।
अगर दोबारा कोई दुकान में ताला लगाने का प्रयास करेगा तो कानून का उल्लंघन करने के आरोप में उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष की सख्त चेतावनी के बाद स्थिति सामान्य हुई और प्रमोद जायसवाल दुकान में ताला लगा कर वापस निकले। बता दें कि प्रमोद जायसवाल की दुकान पर वर्षों से किरायादार का कब्जा था और उसने अपना ताला दुकान में लगा रखा था। विवादित दुकान का मामला कोर्ट में चल रहा था। साक्ष्य के आधार पर कोर्ट ने प्रमोद जायसवाल के पक्ष में फैसला सुनाते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दुकान का ताला खुलवाने का आदेश दिया था। कोर्ट के आदेश पर गुरूवार को मजिस्ट्रेट के साथ कोतवाली थाना की पुलिस दुकान का ताला खुलवाने पहुंची थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




