
चुनाव के बाद विकास योजनाओं ने पकड़ी रफ्तार
मुंगेर नगर निगम क्षेत्र में विधानसभा चुनाव के बाद 45 वार्डों में अधूरी नाला- सड़क निर्माण योजनाओं का कार्य फिर से शुरू हो गया है। नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने का आदेश दिया है। चुनाव और त्योहारों के कारण पहले कार्य रुका था, लेकिन अब सभी योजनाओं पर काम शुरू हो चुका है।
मुंगेर, निज संवाददाता। विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न 45 वार्ड में संचालित नाला- सड़क निर्माण की अधूरी योजनाओं में फिर से निर्माण कार्य आरंभ हो गया है। नगर निगम द्वारा जुलाई महीने में 126 ग्रुप की नाला-सड़क की 29 करोड़ से अधिक की विभिन्न योजनाओं का टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात सितम्बर माह में संवेदकों को कार्यादेश निर्गत किया गया था। साथ ही नगर आयुक्त द्वारा विकास योजनाओं में गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं करने का सख्त आदेश दिया गया था। नगर आयुक्त के सख्त आदेश के कारण अधिकांश संवेदक निर्माण कार्य में रुचि नहीं ले रहे थे।

संवेदकों की लेटलतीफी पर नगर आयुक्त द्वारा सभी संवेदकों को कार्य आरंभ करने का नोटिस निर्गत किए जाने के बाद अक्टूबर माह के आरंभ में अधिकांश कार्य में संवेदकों द्वारा निर्माण आरंभ किया गया। इस बीच दशहरा, दीपावली और छठ महापर्व के बाद विधानसभा चुनाव के कारण सभी निर्माण कार्य आधा अधूरा छोड़ दिया गया था। निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण नाला और सड़क निर्माण के लिए जगह जगह खुदाई किए जाने के कारण शहरवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विधानसभा चुनाव समाप्त होने के पश्चात दुबारा सभी ग्रुप की योजनाओं में निर्माण आरंभ हो चुका है। निर्माण पूर्ण होने के बाद शहरवासियों को परेशानी से निजात मिल सकेगा। ----- सभी अभियंता की चुनाव में थी ड्यूटी नगर निगम द्वारा संचालित 126 ग्रुप की सभी योजनाओं के गुणवत्ता देखरेख की जिम्मेदारी नगर निगम में कार्यरत सहायक व जूनियर अभियंता की थी। परंतु सभी अभियंता की विधानसभा चुनाव में ड्यूटी लगा दिया गया था। इससे पूर्व दशहरा और दीपावली तथा छठ महापर्व को लेकर सभी संवेदकों को निर्माण कार्य पर रोक लगाने का आदेश दिया गया था। अब चुनाव समाप्त होने के बाद सभी संवेदकों द्वारा कार्य आरंभ कर दिया गया है, जिसकी देखरेख सहायक व कनीय अभियंता कर रहे हैं। ----- बुडको की सड़क का निर्माण भी शुरू बुडको (शहरी आधारभूत संरचना निगम) द्वारा भगत सिंह चौक से गार्डेन बाजार गोला रोड तक 400 मीटर सड़क का निर्माण किया जाना है। दशहरा को देखते हुए डीएम के आदेश पर संवेदक द्वारा भगत सिंह चौक से बड़ी बाजार तक 190 मीटर सड़क का निर्माण अफरा-तफरी में पूर्ण किया गया। तत्पश्चात पर्व और चुनाव के कारण यह सड़क अधूरी थी। सड़क पर गड्ढों के कारण गार्डेन बाजार मुहल्लेवासियों को काफी परेशानी हो रही थी। अब पर्व और चुनाव समाप्त होने के बाद इस सड़क का निर्माण पुन: आरंभ कर दिया गया है। ---- बोली नगर आयुक्त पर्व त्यौहार में श्रद्धालुओं की सुविधा का ख्याल रखते हुए सभी संवेदक को निर्माण कार्य बंद रखने के लिए निर्देशित किया गया था। अब चुनाव समाप्त होने के बाद सभी ग्रुप की योजनाओं में निर्माण आरंभ करने का निर्देश दिया गया है। सभी अभियंता को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया है। - शिवाक्षी दीक्षित, नगर आयुक्त, नगर निगम, मुंगेर।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




