मुंगेर | एक संवाददाता
सदर प्रखंड के सभी पंचायतों में डीएम के निर्देश पर सोख्ता का निर्माण कराया जा रहा है। श्रीमतपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि चिंटू कुमार एवं मनरेगा पदाधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि, सभी सोख्ता का निर्माण पीएचइडी के चापाकल के निकट कराया जा रहा है। वहीं मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी श्री कुमार ने इसके अलावा बताया कि, सोख्ता का निर्माण मनरेगा की योजना के तहत कराया जा रहा है।
इस योजना के तहत पूरे प्रखंड में लगभग 680 सोख्ता का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए प्रति सोख्ता 6668 रुपया निर्धारित है। श्री कुमार ने इस योजना के उद्देश्य के संबंध में बताया कि, चापाकल का पानी यूं ही जमीन पर फैलने से गंदगी बढ़ती है और बीमारियां फैलती हैं।
सोख्ता के निर्माण से चापाकल के आसपास जहां गंदगी कम होगी, वहीं स्वच्छता अभियान को भी बढ़ावा मिलेगा और गंदगी जनित बीमारियां भी नहीं होंगी। इसके अतिरिक्त सोख्ता के निर्माण से पानी की बर्बादी कम होगी एवं भूगर्भीय जलस्तर में सुधार होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सारे सोख्ता का निर्माण जल्द- से- जल्द कर लिया जाएगा।