Munger News: बदुआ नदी से मिट्टी खनन का आरोप, ट्रैक्टर जब्ती के बाद जुर्माने की चल रही कार्रवाई
Munger News: तारापुर में सरकारी निर्माण कार्य के लिए उपयोग हो रही मिट्टी के स्रोत और उसकी वैधता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मिट्टी बदुआ नदी से अवैध तरीके से लाई जा रही है। पुलिस ने मिट्टी लदे ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक बिना लाइसेंस भाग गया।

Munger News: तारापुर,निज संवाददाता। सरकारी निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही मिट्टी के स्रोत और उसकी वैधता पर सवाल खड़े हो गए हैं। जल संसाधन विभाग परिसर में नए निरीक्षण भवन एवं फैब्रिकेटेड मीटिंग हॉल के निर्माण के लिए मिट्टी भराई कराई जा रही है। विभागीय अभियंता मिट्टी रैयत की जमीन से मंगाने की बात कह रहे हैं, जबकि ग्रामीणों का आरोप है कि, बदुआ नदी से अवैध खनन कर मिट्टी लाई जा रही है। बिना आवश्यक कागजात और चालक के लाइसेंस के मिट्टी ढो रहे ट्रैक्टर की जब्ती के बाद भी खनन विभाग द्वारा जुर्माने की राशि स्पष्ट नहीं की गई है। जितिया पर्व को लेकर बाजार में भीड़ के बीच यूको बैंक के समीप पुलिस ने मिट्टी लदे ट्रैक्टर ट्रेलर को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस का कार्रवाई
पुलिस को देख चालक तेज गति से वाहन लेकर भागने लगा। पीछा कर सिंचाई विभाग के समीप वाहन रोका गया। पूछताछ में चालक ने ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने की बात स्वीकार की। ट्रेलर पर निर्माण कार्य के लिए मिट्टी ढुलाई की पर्ची लगी थी, लेकिन मिट्टी से संबंधित अन्य आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं किए गए। थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि जिला खनन पदाधिकारी एवं जिला परिवहन पदाधिकारी को अग्रेतर कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है। खान निरीक्षक प्रिया कुमारी ने ट्रैक्टर जब्त कर थाना की अभिरक्षा में रखा है। जिला खनन पदाधिकारी गोपाल कुमार ने बताया कि खनिज नियमावली की धारा 56(1), 56(2), नियम 43 एवं 62 के तहत जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि जुर्माने की राशि स्पष्ट नहीं की गई। सिंचाई विभाग के एसडीओ रंजन कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य के लिए रैयत की जमीन से मिट्टी मंगाई जा रही है।


