Hindi NewsBihar NewsMunger NewsCold Wave in Munger Schools Closed for Classes up to 5th Grade
शीतलहर को देखते हुए जिले में कक्षा पांच तक की कक्षाएं स्थगित

शीतलहर को देखते हुए जिले में कक्षा पांच तक की कक्षाएं स्थगित

संक्षेप:

मुंगेर में जारी शीतलहर के कारण जिला दण्डाधिकारी ने आदेश दिया है कि सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 5 तक की पढ़ाई 12 से 14 जनवरी तक स्थगित रहेगी। कक्षा 6 और ऊपर की पढ़ाई सीमित समय में होगी। आंगनबाड़ी केंद्रों को भी बच्चों के लिए भोजन घर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Jan 12, 2026 12:40 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुंगेर
share Share
Follow Us on

मुंगेर, एक संवाददाता। जिले में जारी शीतलहर और सुबह-शाम अत्यधिक ठंड को देखते हुए जिला दण्डाधिकारी निखिल धनराज ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए मुंगेर जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन को लेकर दिशा-निर्देश दिए हैं। उनके द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 5वीं तक की पढ़ाई 12 जनवरी से 14 जनवरी तक पूर्णतः स्थगित रहेगी। इस प्रतिबंध में प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी शामिल हैं। प्रशासन का मानना है कि, इस अवधि में अत्यधिक ठंड बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

वहीं, कक्षा 5वीं से ऊपर की कक्षाओं के लिए शैक्षणिक गतिविधियां सीमित समय में संचालित करने का निर्देश दिया गया है। इसके तहत कक्षा 6 और उससे ऊपर की पढ़ाई पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक ही संचालित होगी। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन को शीतलहर के मद्देनजर पूरी सतर्कता बरतने का भी निर्देश दिया गया है। आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि, मिशन दक्ष एवं प्री-बोर्ड और बोर्ड परीक्षाओं के लिए आयोजित विशेष कक्षाएं और परीक्षाएं इस आदेश से मुक्त रहेंगी, ताकि परीक्षार्थियों की तैयारी प्रभावित न हो। जबकि, अपने आदेश में डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों को लेकर भी विशेष निर्देश दिए हैं। इसके तहत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को नामांकित बच्चों के लिए पका हुआ भोजन दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच उनके आवास पर जाकर उपलब्ध कराने को कहा गया है।