अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
मुंगेर फोटो 5- भगत सिंह चौक के पास शिवालय में पूजा करते श्रद्धालु मुंगेर फोटो

मुंगेर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। सावन मास की अंतिम सोमवार को पूरा शहर शिवमय नजर आया। अहले सुबह से ही भगवान शिव के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव और बोलबम के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल, दूध, बेलपत्र, फूल और धतूरा अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। अंतिम सोमवारी को लेकर शहर के विभिन्न शिवालयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। गोयनका शिवालय, मंगल बाजार स्थित दशभुजी मंदिर, सोझी घाट रोड, भगत सिंह चौक समेत शहर के विभिन्न मोहल्लों के शिवालयों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। कई शिवालयों में श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक कराया, जबकि कुछ मंदिरों में भगवान शिव की विशेष शृंगार पूजा की गई। शाम को गोयनका शिवालय समेत कई मंदिरों में आरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। मंदिरों में की गई आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। भक्ति गीतों और शिव स्तुति से शहर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। अंतिम सोमवारी को लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने व्रत रखा। व्रत को लेकर बाजार में फलों की मांग बढ़ी रही।
सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवमय हुआ शहर, शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
जमालपुर, निज प्रतिनिधि। श्रावण मास की अंतिम सोमवारी पर जमालपुर शहर पूरी तरह शिवमय नजर आया। सुबह से ही विभिन्न शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव और बोलबम के जयघोष से शहर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर अपने और परिवार के सुख-समृद्धि व मंगल की कामना की। श्री मारवाड़ी धर्मशाला रोड स्थित श्रीश्री महामाया शक्तिधाम परिसर के महाकालेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना हुई। भक्तों ने जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर महादेव का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर पटना निवासी ललिता बोहरा की ओर से महाकालेश्वर महादेव का विशेष शृंगार पूजा कराया गया। पुरोहित बिट्टू बाबा सहित अन्य ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। मंदिर की व्यवस्था को लेकर गिरधर संघई, सुजीत संघई, जयशंकर शर्मा, बिट्टू बाबा और राजकुमार शर्मा सुबह से ही सक्रिय रहे। जीआरपी शिव मंदिर, धरहरा रोड स्थित शिव साईं धाम, योगमाया बड़ी दुर्गा स्थान, केशोपुर शिवालय और नक्की नगर कायस्थ टोला शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
1100 दीपों के बीच बाबा पंचमुखीनाथ की हुई महाआरती
हवेली खड़गपुर, एक संवाददाता। पवित्र सावन माह की अंतिम सोमवार पर प्रखंड के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों में शिवभक्तों की आस्था उमड़ता रहा। अहले सुबह से ही शिवभक्तों का हुजूम श्रद्धा भक्ति के साथ विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने उमड़ पड़ा। पंचवदन शिव मंदिर में सुबह से ही शिवभक्तों की आस्था का सैलाब बाबा पंचमुखीनाथ की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक को उमड़ता रहा। पंचबदन शिव मंदिर के पुजारी सुधीर बाबा, नारद बाबा, बदरी बाबा, करण बाबा, विकास बाबा ने बताया कि अंतिम सोमवार पर लगभग 25 से 30 हजार शिवभक्तों ने बाबा पंचमुखी नाथ पर जलार्पण किया। करण बाबा और विकास बाबा ने बताया कि सावन के चौथे और अंतिम सोमवार पर सुबह 3 बजे सरकारी पूजा किया गया। जबकि देर शाम बाबा पंचमुखीनाथ का पंचामृत स्नान के बाद शृंगार किया गया। साथ ही 1100 दीप जलाकर भजन और कीर्तन के बीच आरती की गई। दिनभर शिवभक्तों की आस्था उमड़ता रहा। हवेली खड़गपुर पुलिस के पुरुष और महिला बल अंतिम सोमवार पर उमड़ी शिवभक्तों की भारी भीड़ को मंदिर परिसर से लेकर गर्भगृह तक नियंत्रित करते रहे। प्रखंड क्षेत्र के पहाड़पुर, लोहची, बहिरा, अग्रहन, शामपुर, बागेश्वरी, मंझगांय, लडुई, खंडबिहारी, धपरी, लक्ष्मीपुर, झील स्थित शिवालय, ब्लॉक शिव मंदिर, थाना शिवालय, राजगंज, केशरवानी ठाकुरबाड़ी आदि विभिन्न शिवमंदिर और शिवालयों में भी शिवभक्तों की भीड़ रही।
तारापुर के शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
तारापुर, निज संवाददाता। सावन के अंतिम सोमवार को क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में अहले सुबह से ही शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियों ने पूजा-अर्चना को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष व्यवस्था की थी। शिवालय परिसर में श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर बारी-बारी से मंदिर में प्रवेश कराया जा रहा था। स्थानीय पुलिस-प्रशासन भी भीड़ को लेकर पूरी तरह सतर्क रहा। सबसे अधिक भीड़ वाले रत्नेश्वर नाथ महादेव मंदिर, बाबा तारेश्वर नाथ महादेव मंदिर, उल्टा स्थान तारापुर तथा बाबा विर्नोधानाथ महादेव मंदिर, माधोडीह में पुलिस की विशेष व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा बेलबिहमा, देवगांव, धौनी ठाकुरबाड़ी समेत अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को लेकर मंदिर समितियां सक्रिय रहीं। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर चंदन, फूल, बेलपत्र, अक्षत, भांग, धतूरा आदि अर्पित कर विधिवत जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। शिवलिंग पर जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के प्रिय सवारी नंदी पर भी जल अर्पित किया।
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजते रहे शिवालय
असरगंज, निज संवाददाता। सावन माह के अंतिम सोमवारी पर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में पूजा -अर्चना करने वाले शिवभक्त श्रृद्धालुओं की भीड़ सुबह से देर शाम तक लगी रही। शिवालय देर शाम तक हर-हर महादेव एवं शंख, घंटे की आवाज से गुंजायमान रहा। असरगंज स्थित बाबा हाथीनाथ मंदिर, बाबा फुलेश्वर नाथ महादेव मंदिर, बाबा ब्रह्माकुरनाथ मंदिर, मनसकामना नाथ महादेव मंदिर, कर्पूरानाथ महादेव मंदिर, शिव मंदिर ढोल पहाड़ी सहित क्षेत्र के अन्य शिव मंदिरों में श्रृद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ के शिवलिंग पर जल,दूध ,बेल-पत्र फूल, नैवेद्य अर्पित कर परिवार के सुख समृद्धि की मंगलकामनाएं की। काफी संख्या में क्षेत्र के श्रद्धालु बाबा रत्नेश्वर नाथ महादेव मंदिर रणगांव पूजा अर्चना करने गए।
ऊंचेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ी शिवभक्तों की भीड़
टेटियाबंबर, एक संवाददाता। सावन की चौथी व अंतिम सोमवारी पर सोमवार को पूरा प्रखंड शिवमय हो गया। सुबह से ही विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर दिनभर हर-हर महादेव और बोलबम के जयघोष गूंजता रहा।
देवघरा स्थित बाबा ऊंचेश्वर नाथ महादेव मंदिर में सर्वाधिक भीड़ देखी गई। अहले सुबह से ही सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवरियों और स्थानीय भक्तों की लंबी कतार लगी रही। भक्तों ने दूध, बेलपत्र, पुष्प, धतूरा और गंगाजल अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। चौथी सोमवारी के अवसर पर देवघरा मंदिर परिसर में भव्य मेला भी लगा। मंदिर के आसपास चाट, मिठाई, खिलौने और पूजा सामग्री की दुकानें सजी रहीं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। वहीं बनहरा स्थित प्रसिद्ध रंगनाथ धाम पहाड़ी मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दूर-दराज से आए भक्तों ने पहाड़ी पर स्थित शिवलिंग का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिरों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल के साथ स्थानीय स्वयंसेवक भी भीड़ नियंत्रण को लेकर सक्रिय रहे।


