केंद्रीय मंत्री ने दिशा की समीक्षा में अभियंताओं को चेताया
मुंगेर में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने जिला विकास समन्वय समिति की बैठक में विकास योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने नल-जल योजना और बुडको के कार्यों की समीक्षा की और सुधार के निर्देश दिए। मनरेगा, राशन कार्ड और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर भी जोर दिया गया।

मुंगेर, एक संवाददाता। हम सभी जनता के सेवक हैं। चाहे जनप्रतिनिधि हों या प्रशासनिक अधिकारी, जिले के विकास के लिए समन्वय के साथ कार्य करना होगा। यह स्पष्ट संदेश शुक्रवार को केंद्रीय पंचायती राज सह पशुपालन, मत्स्य पालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक में दिया। दिशा की यह बैठक मंत्री ललन सिंह की अध्यक्षता में मुंगेर संग्रहालय सभागार में आयोजित की गई थी। बैठक में योजनाओं की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए उन्होंने कई विभागों को कड़ी फटकार लगाई और सुधार के सख्त निर्देश दिए।
नल-जल योजना और बुडको पर सख्ती, 15 दिन में रिपोर्ट का निर्देश लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा हर घर नल का जल योजना की अद्यतन और स्पष्ट प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं किए जाने पर केंद्रीय मंत्री ने कार्यपालक अभियंता की कर्तव्यहीनता पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि, अभियंता की लापरवाही के कारण जिले के शत-प्रतिशत लोगों को पेयजल सुविधा नहीं मिल पा रही है। इसी तरह बुडको की कार्य प्रणाली पर भी असंतोष व्यक्त करते हुए डीएम को निर्देश दिया कि, दोनों अभियंताओं से 15 दिनों के भीतर स्पष्ट अग्रेतर प्रतिवेदन समर्पित कराया जाए। राशन कार्ड से मनरेगा तक लक्ष्य पूरा करने पर जोर बैठक में मनरेगा, उद्योग, समाज कल्याण, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना, राशन कार्ड, उज्ज्वला गैस, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण कार्य, जल संसाधन एवं विद्युत सहित अन्य विभागों की समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने मनरेगा के तहत जॉब कार्ड वितरण शत-प्रतिशत पूरा करने का भी निर्देश दिया। वहीं, राशन कार्ड समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि, एक भी आवेदन लंबित न रहे। ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होते ही त्वरित जांच कर स्वीकृति दी जाए। दिव्यांगजन, मातृत्व योजना और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक में उन्होंने सामाजिक सुरक्षा दिव्यांगजन योजना के तहत अधिक-से-अधिक लाभुकों को लाभ देने के लिए प्रखंड स्तर पर पंचायतवार शिविर लगाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना के लाभुकों को भी अधिक संख्या में आच्छादित करने पर बल दिया। जबकि, स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मुफ्त दवा, परामर्श और जांच की व्यवस्था की जानकारी ली। इसके साथ ही भाव्या एप पर बिना मोबाइल वाले मरीजों के ऑफलाइन पंजीकरण और एंबुलेंस सेवाओं के सुचारू संचालन पर भी चर्चा हुई। डीएम के कार्यों की सराहना बैठक के अंत में केंद्रीय मंत्री ने डीएम निखिल धनराज के कार्यों की सराहना करते हुए सभी पदाधिकारियों को मनोयोग से कार्य करने और योजनाओं को लक्ष्य से आगे बढ़कर पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में जमुई सांसद अरुण भारती, जमालपुर विधायक नचिकेता मंडल, अपर समाहर्ता मनोज कुमार सिंह, उप-विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह एवं नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और दिशा समिति के सदस्य उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




