ब्रह्मर्षि समाज ने धूमधाम से मनाई महान शिक्षाविद सर गणेश दत्त सिंह की जयंती

Jan 14, 2026 12:47 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुंगेर
share

मुंगेर में ब्रह्मर्षि समाज द्वारा महान शिक्षाविद सर गणेश दत्त सिंह की जयंती समारोह श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिनेश कुमार सिंह ने की। उन्होंने शिक्षा और समाज सुधार में सिंह के योगदान की सराहना की। मुख्य अतिथि डॉ. नंदकिशोर कुमार ने सिंह के जीवन और उनके समाज सेवा के कार्यों पर प्रकाश डाला।

ब्रह्मर्षि समाज ने धूमधाम से मनाई महान शिक्षाविद सर गणेश दत्त सिंह की जयंती

मुंगेर, एक संवाददाता। मुंगेर जिला ब्रह्मर्षि समाज के तत्वावधान में मंगलवार को महान शिक्षाविद एवं समाज सुधारक सर गणेश दत्त सिंह की जयंती समारोह श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के वरिष्ठ संस्थापक सदस्य दिनेश कुमार सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में एस्कॉर्ट एंड गाइड के जिला मुख्य आयुक्त डॉ. नंदकिशोर कुमार उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि, स्वतंत्रता से पूर्व सर गणेश दत्त सिंह बिहार-उड़ीसा के लोक निर्माण मंत्री रहे तथा उन्हें बिहार का प्रधानमंत्री भी कहा जाता था। उन्होंने शिक्षा, प्रशासन और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान दिया।

वहीं, जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता ज्ञान चंद्र पटेल ने कहा कि, सर गणेश दत्त सिंह ने उस दौर में शिक्षा की अलख जगाई, जब बिहार न केवल पराधीन था, बल्कि संयुक्त प्रांत का हिस्सा भी था। ऐसे कठिन समय में शिक्षा के क्षेत्र में उनका कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहा। जबकि, मुख्य अतिथि डॉ. नंदकिशोर कुमार ने अपने संबोधन में बताया कि, सर गणेश दत्त सिंह का जन्म 13 जनवरी 1868 को हुआ था तथा 26 दिसंबर 1943 को उनका निधन हुआ। वे अत्यंत विद्वान एवं दानी प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और अपने वेतन का दो-तिहाई हिस्सा समाज सेवा में दान कर देते थे। इस अवसर पर मुंगेर व्यवहार न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता ललित मोहन प्रसाद सिंह, समाज के संस्थापक महासचिव अशोक शंकर सिंह, फरदा ग्राम के पूर्व मुखिया महेंद्र यादव, ब्रह्मर्षि समाज के कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील कुमार, युवा नेता सह अधिवक्ता प्रणव कुमार सहित समाज के दर्जनों सदस्य उपस्थित रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।