हिंदी हमारी सभ्यता और संस्कृति का अभिन्न अंग: सुभाष
हवेली खड़गपुर के एससीएस डीएवी पब्लिक स्कूल में शनिवार को हिंदी दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य सुभाष चंद्रा ने हिंदी की महत्वता पर चर्चा की और इसे हमारी सभ्यता का अभिन्न अंग बताया।...

हवेली खड़गपुर, एक संवाददाता। शनिवार को नगर के चांदबली स्थान स्थित एससीएस डीएवी पब्लिक स्कूल में हिंदी दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय प्राचार्य सुभाष चंद्रा के कुशल निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्जवलित कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका साधना सिंह कर रही थी। विद्यालय के प्राचार्य सुभाष चंद्रा ने हिंदी की गौरवगाथा को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए लोगों की मानसिकता और भाषा के बढ़ते क्षेत्रवाद को दुखद बताया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि हिंदी दुनिया की सरलतम भाषाओं में से एक है यह लोगों को एक दूसरे के प्रति प्रेम, सद्भाव और निकटता को बढ़ाने का प्रबल माध्यम है।
यह हमारी सभ्यता और संस्कृति का अभिन्न अंग है और इसे विश्व की अग्रणी भाषा में शामिल करना हम लोगों की जिम्मेदारी है। विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक केशव कुमार सिंह ने हिंदी दिवस की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए उसे जन सामान्य की सहज भाषा बतलाया। हिंदी के शिक्षक कुमोद कुमार शर्मा ने भी हिंदी के महत्व और इसके गौरवशाली अतीत की व्याख्या दोहे के माध्यम से किया। कार्यक्रम में श्रेयांश ने कविता पाठ जबकि हिंदी संभाषण में श्रेया प्रिया, शाश्वत समबुद्ध और सार्थक ने अपनी भागीदारी निभाई। कीर्ति कुमारी, श्रेया आर्या, शौर्य सिंह आदि ने समूह संगीत पेश किया। संगीत शिक्षक पंचानन पंडित ने गीत की प्रस्तुति में अपनी भूमिका निभाई। विज्ञान शिक्षक अतुल तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस मौके पर विद्यालय परिवार के अनेक सदस्य मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




