Munger News: कांग्रेसी सांसद पर यौन उत्पीड़न के आरोप को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन
Munger News: मुंगेर में भाजपा महिला मोर्चा ने जेएनयू के प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद विमोल अकोईजम के खिलाफ 11 छात्राओं द्वारा दर्ज यौन उत्पीड़न मामले के विरोध में मार्च निकाला। बेकापुर से शुरू हुआ मार्च मुख्य बाजार होते हुए राजेंद्र चौक पर समाप्त हुआ। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए। भाजपा नेताओं ने पार्टी पर महिला विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

Munger News: मुंगेर, निज संवाददाता। जेएनयू के प्रोफेसर व कांग्रेस सांसद विमोल अकोईजम पर 11 छात्राओं द्वारा यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराए जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने सोमवार को शहर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष निशा कुमारी शाह की अध्यक्षता में बेकापुर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी चौक से विरोध मार्च निकाला गया, जो मुख्य बाजार होते हुए राजेंद्र चौक पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस की कड़ी आलोचना की। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्राणरंजन विकास ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिला विरोधी और राष्ट्र विरोधी रही है।
महिलाओं के प्रति पार्टी का रवैया संवेदनहीन है। संसद में महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस के रुख से भी उनकी मंशा जाहिर हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन देश में भ्रम और अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करना चाहता है, लेकिन देश की जनता उनके मंसूबों को अच्छी तरह समझ चुकी है। इस विरोध मार्च में महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष सपना मेहता, प्रभारी सुमेधा आर्य, ममता वर्णवाल, शुभम सिंह, मीरा देवी, जिला उपाध्यक्ष दीपक कुमार साह, जिला कोषाध्यक्ष रवि भूषण गुप्ता, मंडल अध्यक्ष चेतन गुप्ता, अमर रत्नम, शंकर यादव सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। यह जानकारी भाजपा जिला महामंत्री निशुतोष कुमार निशु ने दी।

