कृषि के साथ वाणिकी के क्षेत्र में हो रहा काफी विकास: कमिश्नर
मुंगेर में आयोजित तीन दिवसीय फल-फूल व सब्जी प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने किया। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया। प्रदर्शनी में छह जिलों के दो सौ से अधिक किसानों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए। कृषि वैज्ञानिकों ने वैज्ञानिक विधि से खेती के टिप्स दिए।

मुंगेर, निज प्रतिनिधि। शुक्रवार को इंडोर स्टेडियम में जिला उद्यान विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फल- फूल व सब्जी प्रदर्शनी सह प्रतियोगिता कार्यक्रम का प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में बिहार तो आगे बढ़ ही रहा है, अब पिछले 12 साल से वाणिकी के क्षेत्र में काफी विकास कर रहा है। सरकार चाहती है किसानों की आय बढ़े। इसको लेकर एक छत के नीचे देशी व विदेशी सभी तरह के पौध एवं उत्पाद का प्रदर्श किया गया है, इससे किसानों को काफी जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी चीज को अपनाने से पहले उसका डेमोस्ट्रेशन जरूरी है।
ऐसे कार्यक्रमों से बिहार वाणिकी के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि बाजार में बहुत प्रकार की वेराईटी आ रही है, जब किसान देखेंगे तभी तो सीखेंगे। उद्यान विभाग की ओर से लगाए गए प्रदर्श का उद्देश्य भी किसानों को जागरूक करना है इंडोर स्टेडियम में लगाए गए फल- फूल व सब्जी प्रदर्श का प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने निरीक्षण किया। उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए फल फूल व सब्जी का काफी सराहना की। उन्होंने कहा कि किसानों की ओर से प्रदर्श में लगाए गए उत्पाद काफी बेहतर हैं। किसानों की मेहनत देखने से ही पता चलता है। उन्होंने अन्य किसानों से कहा कि ऐसी खेती कर आमदनी को बढ़ाएं। उन्होंने किसानों को कृषि वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में रहने पर बल दिया। फल-सब्जी प्रदर्शनी में मुंगेर प्रमंडल के सभी छह जिलों के किसानों ने अपने-अपने बेहतर उत्पाद को प्रदर्शित किया। गुरुवार को किसानों का निबंधन कराया गया था। करीब दो सौ से भी अधिक किसानों ने अपने बेहतर उत्पाद को प्रदर्शित किया। जिला उद्यान पदाधिकारी डा. सुपर्णा ने मौजूद किसानों से कहा कि आपे वाले समय में और बेहतर किसानी करें जिससे कि आपका आय दोगुना हो सके। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को दिये बेहतर किसानी के टिप्स: फल फूल व सब्जी प्रदर्शन सह प्रतियोगिता में आए किसानों को केवीके मुंगेर के कृषि वैज्ञानिक बी डी सिंह ने कहा कि अगर किसान वैज्ञानिक विधि से खेती करते हैं तो अधिक उत्पादन संभव होगा। उन्होंने कहा कि कृषि वैज्ञानिक के संपर्क में रहकर खेती करें। उन्होंने कहा कि अधिक उत्पादन के साथ ही मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बनाए रखने के लिए जैविक पद्वति से खेती करें। मौके पर प्रगतिशील किसान गोपाल चौधरी, सुभ्रांशु शेखर सहित काफी संख्या में किसान मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


