हवेली खड़गपुर का मनी नदी पुल बदहाल, हादसे की आशंका
हवेली खड़गपुर में मनी नदी पर बना नया पुल जर्जर हो चुका है। 1990 में बना यह पुल रखरखाव के अभाव में खराब स्थिति में है। स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से मरम्मत की मांग की है, अन्यथा पुल की संरचना कमजोर होने और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने की आशंका है।

हवेली खड़गपुर, निज संवाददाता। एक ओर जहां विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा गिरने से पूरे बिहार में पुलों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं हवेली खड़गपुर नगर स्थित ऐतिहासिक मनी नदी पर करोड़ों रुपये की लागत से बना नया पुल बदहाली का शिकार है। 1990 में बना यह पुल रखरखाव के अभाव में जर्जर। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की उदासीनता के कारण पुल की ऊपरी सतह पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
पुल की स्थिति
हल्की बारिश में ही इन गड्ढों में पानी भर जाता है और पुल पर जलजमाव की स्थिति बन जाती है। इससे दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा लगातार बना रहता है। बरियारपुर-जमुई पथ पर बना यह पुल क्षेत्र की प्रमुख जीवनरेखा है। यहां से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। मौजूदा समय में भारी वाहनों का दबाव भी अत्यधिक बढ़ गया है। पुल की जर्जर हालत के बावजूद बड़े ट्रक और बसें लगातार गुजर रही हैं। स्थानीय नागरिक शुभम केसरी, सत्यम कुमार निराला, विक्की रॉय, नितेश मिश्रा, राजीव नयन, सौरभ झा, सोनू केसरी, सोनू झा, पिंकेश कुमार, मोहित कुमार समेत अन्य लोगों ने जिलाधिकारी एवं स्थानीय प्रशासन से तत्काल मरम्मत की मांग की है।
स्थानीय निवासियों की चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुल के ऊपरी हिस्से की मरम्मत नहीं कराई गई और लगातार अनदेखी होती रही, तो भारी दबाव और जलजमाव के कारण पुल की संरचना कमजोर हो सकती है। इससे भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से इस मामले में हस्तक्षेप कर पुल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम को मरम्मत कार्य जल्द शुरू करने का निर्देश देने की मांग की है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


