Hindi NewsBihar NewsMunger NewsBihar Assembly Elections 2025 Intense Political Activity in Munger Division with 227 Candidates
मुंगेर प्रमंडल की 22 विधानसभा सीटों पर 227 उम्मीदवार चुनावी दंगल में

मुंगेर प्रमंडल की 22 विधानसभा सीटों पर 227 उम्मीदवार चुनावी दंगल में

संक्षेप: म्मीदवारों की कुल संख्या है 73, लखीसराय में उम्मीदवारों की कुल संख्या है 21, मुंगेर प्रमंडल के कुल 22 विधानसभाओं में सबसे कम खगड़िया जिले के अलौली ए

Fri, 31 Oct 2025 11:59 PMNewswrap हिन्दुस्तान, मुंगेर
share Share
Follow Us on

मुंगेर, रणजीत कुमार ठाकुर आगामी बिहार विधानसभा चुनाव- 2025 के मद्देनजर मुंगेर प्रमंडल में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। यहां प्रथम चरण में होने वाले चुनाव में प्रमंडल के 6 जिले- मुंगेर, बेगूसराय, जमुई, लखीसराय, शेखपुरा और खगड़िया की कुल 22 विधानसभा सीटों पर इस बार कुल 227 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। प्रमंडल में सबसे अधिक उम्मीदवार बेगूसराय जिले की कुल 7 विधानसभा सीटों से चुनावी मैदान में हैं। यहां कुल 73 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें से सबसे अधिक 14-14 प्रत्याशी बेगूसराय एवं साहबपुर कमाल विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं, जबकि सबसे कम 8 प्रत्याशी बछवाड़ा विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

वहीं, तेघड़ा विधानसभा सीट से 13, बखरी एवं चेरिया बरियारपुर विधानसभा सीट से 9-9, एवं मटिहानी विधानसभा से 9 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, उम्मीदवारों की संख्या के लिहाज से लखीसराय जिला सबसे नीचे है। इसके दोनों विधानसभाओं में मात्र 21 उम्मीदवार ताल ठोक रहे हैं, जो पूरे प्रमंडल में सबसे कम हैं। यहां के सूर्यगढ़ा विधानसभा सीट से 8 एवं लखीसराय विधानसभा सीट से 13 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इससे क्षेत्र में अपेक्षाकृत सीमित राजनीतिक मुकाबले की स्थिति बनती दिखाई दे रही है। जहां तक प्रमंडल के अन्य जिलों के विधानसभाओं में प्रत्याशियों की संख्या की बात है तो इसमें रोचक तथ्य यह है कि, प्रमंडल में खगड़िया जिले की अलौली एवं परबत्ता विधानसभा सीटों पर सबसे कम उम्मीदवार मैदान में हैं। दोनों क्षेत्रों में केवल 5-5 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि, यहां की विधानसभाओं में से खगड़िया एवं बेलदौर विधानसभा सीट से क्रमशः 10 एवं 14 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इससे यहां सीधा बहुकोणीय मुकाबला अपेक्षाकृत कम और अधिक केंद्रित रहने की संभावना है। वहीं, बेगूसराय के बाद मुंगेर प्रमंडल में सबसे अधिक 41 उम्मीदवार जमुई जिले से है। इनमें से 10 प्रत्याशी सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र से, 12 प्रत्याशी जमुई विधानसभा क्षेत्र से, 9 प्रत्याशी झाझा विधानसभा क्षेत्र से एवं 10 प्रत्याशी चकाई विधानसभा क्षेत्र से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि, जमुई जिले में राजनीतिक प्रतिस्पर्धा प्रमंडल के बेगूसराय जिले के बाद सबसे अधिक कड़ी होगी। जहां तक मुंगेर जिला की बात है तो यहां के तीनों विधानसभाओं में प्रत्याशियों की कुल संख्या 39 है। इनमें से सबसे अधिक जमालपुर विधानसभा से 15, इसके बाद तारापुर विधानसभा से 13 एवं सबसे कम मुंगेर विधानसभा से 11 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इसी तरह से शेखपुरा जिले के दो विधानसभाओं में से शेखपुरा विधानसभा सीट पर 9 एवं बरबीघा विधानसभा सीट पर 18 उम्मीदवार चुनावी ताल ठोक रहे हैं। ज्ञात हो कि, मुंगेर प्रमंडल के 227 उम्मीदवारों में कई प्रमुख दलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ निर्दलीय प्रत्याशी भी शामिल हैं। प्रचार-प्रसार में हर दल पूरी ताकत झोंक रहा है, वहीं मतदाता भी चुनावी माहौल को लेकर खासा उत्साहित हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि, जहां बेगूसराय एवं जमुई जिले में अधिक उम्मीदवारों के कारण वोटों का बंटवारा हो सकता है, वहीं लखीसराय और खगड़िया जिले की सीटों पर कम प्रत्याशी होने से मुकाबला अपेक्षाकृत साफ-सुथरा और आमने-सामने का हो सकता है। वैसे, पूरे प्रमंडल में सबसे अधिक 15 उम्मीदवार मुंगेर विधानसभा सीट से अपना भाग्य आजमा रहे हैं। अतः सबसे अधिक घमासान यहां दिखाई पड़ सकता है। कुल मिलाकर, मुंगेर प्रमंडल में चुनावी प्रतिस्पर्धा अलग-अलग रंग दिखा रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि, 6 नवंबर को होने वाले मतदान में मतदाता किसे अपना प्रतिनिधि चुनते हैं।