Munger News: स्कूटी और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में मां-बेटा समेत तीन जख्मी, रेफर
Munger News: असरगंज के नयागांव पचभम्मा के समीप स्कूटी और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में मां-बेटा समेत तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बाथ थाना पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र असरगंज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया। तीनों के सिर में चोट लगी थी।

नयागांव पचभम्मा के पास सड़क हादसा
Munger News:
असरगंज, निज संवाददाता। बाथ थानाक्षेत्र के नयागांव पचभम्मा के समीप स्कूटी और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में मां-बेटा समेत तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसा इतना भीषण था कि, तीनों सड़क किनारे जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहगीरों ने तत्काल बाथ थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस एसआई जयपाल राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इसके बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र असरगंज लाया गया। यहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. निधि कुमारी ने तीनों का प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, असियाचक गांव निवासी 50 वर्षीय अर्चना देवी अपने 22 वर्षीय बेटे पीयूष कुमार के साथ जगरिया गांव स्थित अपने ननिहाल से मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान असियाचक गांव निवासी 15 वर्षीय अनीश कुमार स्कूटी से असरगंज बाजार जा रहे थे। नयागांव पचभम्मा के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें तीनों पूरी तरह जख्मी हो गए। डॉ. निधि कुमारी ने बताया कि, तीनों के सिर में चोट लगी है। अर्चना देवी की हालत गंभीर थी और उनके कान से काफी मात्रा में खून बह रहा था। इधर, घटना की सूचना मिलने पर असरगंज थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली।

