कृषि विज्ञान केंद्र, मुंगेर में गुरुवार को किसानों की बात कृषि मंत्री के साथ कार्यक्रम के तहत दोपहर बाद 3:00 बजे से एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कृषि मंत्री डॉ प्रेम कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। इस संबंध में विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक सह कार्यक्रम पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि, इस बैठक में जिलेभर से 15 किसानों ने भाग लिया। भाग लेने वाले किसानों ने कृषि मंत्री के सामने कृषि से संबंधित अपनी-अपनी विभिन्न तरह की समस्याएं रखीं।
किसानों की समस्याओं को सुनकर कृषि मंत्री डॉ कुमार ने उनके जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि, किसान कृषि विभाग द्वारा दी जा रही सहायता का लाभ आगे बढ़ कर ले एवं कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा दिए जा रहे प्रशिक्षणों तथा सलाहों का लाभ उठाएं। इसके साथ ही उन्होंने किसानों के उज्ज्वल भविष्य एवं सुखमय जीवन की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक श्री कुमार के अतिरिक्त अभियंत्रण वैज्ञानिक इं. अशोक कुमार एवं शष्य वैज्ञानिक डॉ विनोद कुमार भी उपस्थित थे।