मुंगेर | नगर संवादाता
जिले में अपराध और भ्रष्टाचार मामले को लेकर एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर दिया और दो पुलिसकर्मियों की सेवा समाप्त कर दिए। इस कार्रवाई से मुंगेर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
कई ऐसे पुलिस पदाधिकारी हैं, जो भ्रष्टाचार के मामले में जेल गए हैं। लेकिन जमानत पर रिहा होने के बाद पुलिस में अपनी सेवा दें रहे हैं। इन लोगों का कार्रवाई मुख्यालय स्तर पर लंबित है। मुंगेर गोलीकांड के आरोपी थानाध्यक्ष और सिपाही भी फरार चल रहे हैं। अगर इन लोगों पर आरोप सिद्ध हो जाता है तो इन पर भी निश्चित तौर पर कार्रवाई होगी।
मुंगेर जिला बल में शामिल हवलदार जयप्रकाश, मनोज कुमार साह, सिपाही संख्या 203 बलजीत कुमार सिंह एवं सिपाही संख्या 561 लाल बाबू ठाकुर को पुलिस अधीक्षक ने सेवा से बर्खास्त कर दिया। इनपर भ्रष्टाचार एवं अपराध में संलिप्त रहने का आरोप है। विभागीय कार्रवाई के दौरान इन लोगों पर आरोप सिद्ध होने के बाद एसपी ने सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई की। सिपाही संख्या 220 प्रदीप कुमार साह एवं सिपाही संख्या 113 सुनील पासवान को सेवा से हटा दिया। उनपर आरोप है कि वह कई वर्षों से बिना सूचना के फरार हैं। विभागीय कार्रवाई में दोषी पाये जाने के बाद दोनों को सेवा से हटाया गया है।