3 000 New Self-Help Groups Formed in Munger District to Boost Women s Empowerment and Financial Inclusion बैंकिंग व्यवस्था से जुड़कर वित्तीय रूप से सशक्त बने महिलाएं: परियोजना प्रबंधक, Munger Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsMunger News3 000 New Self-Help Groups Formed in Munger District to Boost Women s Empowerment and Financial Inclusion

बैंकिंग व्यवस्था से जुड़कर वित्तीय रूप से सशक्त बने महिलाएं: परियोजना प्रबंधक

मुंगेर जिले में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए स्वयं सहायता समूहों का निर्माण तेज किया गया है। पिछले सप्ताह चलाए गए अभियान में 3,000 नए समूह बनाए गए। जिला परियोजना प्रबंधक ने कर्मियों को सम्मानित किया।...

Newswrap हिन्दुस्तान, मुंगेरWed, 20 Aug 2025 03:22 AM
share Share
Follow Us on
बैंकिंग व्यवस्था से जुड़कर वित्तीय रूप से सशक्त बने महिलाएं: परियोजना प्रबंधक

मुंगेर, निज प्रतिनिधि। जिले में वित्तीय वर्ष 2025-26 को ध्यान में रखते हुए स्वयं सहायता समूहों के निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में पिछले सप्ताह जिला परियोजना प्रबंधक के निर्देश पर जिले के सभी प्रखंडों में विशेष समूह निर्माण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान महज एक सप्ताह में कुल 3 हजार नए स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया, जो जिले की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इस अभियान में सभी प्रखंडों के कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रत्येक प्रखंड से चयनित बेस्ट कर्मियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सर्वाधिक समूह निर्माण कर जिले को नए आयाम दिए।

मंगलवार को अभिनंदन शिक्षण प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित एक विशेष बैठक के दौरान इन श्रेष्ठ कर्मियों को जिला परियोजना प्रबंधक ने सम्मानित किया। सम्मान समारोह का उद्देश्य अन्य कर्मियों को भी प्रेरित करना था, ताकि आने वाले समय में समूह निर्माण के साथ-साथ वित्तीय समावेशन के कार्यों में और तेजी लाई जा सके। बैठक में जिला परियोजना प्रबंधक ने कहा कि समूहों का निर्माण तभी सार्थक होगा, जब वे बैंकिंग व्यवस्था से जुड़कर वित्तीय रूप से सशक्त बनें। हर समूह का बचत खाता और ऋण खाता समय पर खुलना चाहिए ताकि महिलाएं आसानी से लोन सुविधा लेकर रोजगार और आजीविका के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। बैठक के दौरान यह भी साझा किया गया कि जिन प्रखंडों में समूहों के दस्तावेज पूर्व से तैयार हैं, उन्हें जमा कर लिया गया है। इसके साथ ही बैठक में समूहों से जुड़े सदस्यों को पशुधन आधारित आजीविका से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। इसके लिए विशेष कार्य योजना बनाई गई है। इस योजना के तहत समूह की दीदियों को पशुपालन जैसे डेयरी, बकरी पालन और मुर्गी पालन से जोड़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बनेंगी बल्कि परिवार की आय में भी महत्वपूर्ण योगदान दे पाएंगी। बैठक का समापन इस आशा के साथ हुआ कि जिले में महिलाओं के सशक्तिकरण और वित्तीय समावेशन की दिशा में मुंगेर अग्रणी भूमिका निभाएगा। समूह निर्माण अभियान की यह सफलता आने वाले दिनों में न केवल महिलाओं के जीवन में बदलाव लाएगी, बल्कि जिले की आर्थिक और सामाजिक प्रगति को भी नई दिशा देगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।