Munger News: 19 नए राजकीय डिग्री कॉलेज आज से होंगे शुरू, सत्रारंभ की तैयारी पूरी

हिन्दुस्तान, मुंगेर
Follow us on Google News
share

Munger News: 19 नए राजकीय डिग्री महाविद्यालय आज से शुरू हो रहे हैं। मुंगेर विश्वविद्यालय के अधीन, इनका उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं, और विद्यार्थियों के लिए नामांकन की तिथि बढ़ा दी गई है। आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है यदि मांगें पूरी नहीं होती हैं।

Munger News: 19 नए राजकीय डिग्री कॉलेज आज से होंगे शुरू, सत्रारंभ की तैयारी पूरी

Munger News: 19 नए राजकीय डिग्री कॉलेज आज से होंगे शुरू, सत्रारंभ की तैयारी पूरी

उद्घाटन समारोह की तैयारी

मुंगेर, हिन्दुस्तान संवाददाता। मुंगेर विश्वविद्यालय के अधीन नवस्थापित 19 राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन एवं नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ 15 जुलाई को होगा। राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भागलपुर से वर्चुअल माध्यम से राज्य के सभी 211 नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का एक साथ उद्घाटन कर सत्रारंभ करेंगे।

उद्घाटन में विश्वविद्यालय प्रशासन की भूमिका

उद्घाटन समारोह को लेकर मुंगेर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। कुलपति के निर्देश पर कुलसचिव द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशों के आलोक में विश्वविद्यालय के अधीन आने वाले मुंगेर, जमुई, खगड़िया, लखीसराय एवं शेखपुरा जिले के सभी 19 नवस्थापित महाविद्यालयों के लिए विश्वविद्यालय की ओर से एक-एक प्रतिनिधि नामित किया गया है। ये प्रतिनिधि संबंधित महाविद्यालयों में आयोजित उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने नवस्थापित महाविद्यालयों में प्रतिनियुक्त सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को निर्देश दिया है कि, वे 15 जुलाई को अपने-अपने महाविद्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। साथ ही विश्वविद्यालय की ओर से नामित पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लेने, उसी दिन कार्यभार ग्रहण करने तथा आवश्यक विवरण निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने का भी निर्देश दिया गया है।

शैक्षणिक गतिविधियों की शुरुआत

विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि, नवस्थापित महाविद्यालयों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियों की शुरुआत के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उद्घाटन के साथ ही नए सत्र का विधिवत संचालन प्रारंभ हो जाएगा।

------------------

लंबित मांगों को लेकर संबद्ध कॉलेजों के शिक्षक और कर्मियों ने दिया धरना

संबद्ध कॉलेजों के धरने का आयोजन

फेक्टनैब के बैनर तले विश्वविद्यालय तक निकाला मार्च, कुलपति को सौंपा मांगपत्र

मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी

मुंगेर, हिन्दुस्तान संवाददाता। बिहार राज्य संबद्ध डिग्री महाविद्यालय शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारी महासंघ (फेक्टनैब) के बैनर तले मंगलवार को मुंगेर विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर विश्वविद्यालय मुख्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। आंदोलन का नेतृत्व महासंघ के मुंगेर इकाई के अध्यक्ष सतेंद्र कुमार सिंह ने किया।

धरना और ज्ञापन

कार्यक्रम के तहत शिक्षक एवं कर्मियों ने सबसे पहले आरडी एंड डीजे कॉलेज परिसर से विश्वविद्यालय मुख्यालय तक मार्च निकाला। इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर के समक्ष धरना देकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। धरना समाप्त होने के बाद महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति को राज्य एवं विश्वविद्यालय स्तर की मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

महासंघ की मांगें

महासंघ के अध्यक्ष सतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि, राज्य स्तरीय प्रमुख मांगों में संबद्ध डिग्री कॉलेजों का अधिग्रहण अथवा घाटा अनुदान की व्यवस्था लागू करना, शैक्षणिक सत्र 2015-18 से लंबित आठ वर्षों के अनुदान का एकमुश्त भुगतान, बिहार विधान परिषद की शिक्षा समिति की अनुशंसाओं को लागू करना तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं सभी वर्गों की छात्राओं की शुल्क प्रतिपूर्ति की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजने की व्यवस्था शामिल है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय स्तरीय मांगों में वर्ष 2018 से लंबित प्रायोगिक परीक्षा, मूल्यांकन एवं टैबुलेशन कार्य का भुगतान, विभिन्न समितियों में निर्वाचित सीनेट सदस्यों का मनोनयन, सिंडिकेट का चुनाव, सीनेट एवं सिंडिकेट के निर्णयों का अनुपालन, बैठक की कार्यवाही (मिनट्स) समय पर उपलब्ध कराना तथा शोध कार्य के योग्य शिक्षकों को शोध की अनुमति प्रदान करना प्रमुख रूप से शामिल है।

महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

----------------------

स्नातक नामांकन के लिए फिर मौका, आवेदन की तिथि 20 जुलाई तक बढ़ी

स्नातक नामांकन में राहत

मुंगेर, हिन्दुस्तान संवाददाता। मुंगेर विश्वविद्यालय ने स्नातक सीबीसीएस के चार वर्षीय पाठ्यक्रम (सत्र 2026-30) के प्रथम सेमेस्टर (बीए, बीएससी एवं बीकॉम) में नामांकन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अभ्यर्थियों को एक और अवसर प्रदान किया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार अब इच्छुक छात्र-छात्राएं 15 जुलाई से 20 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

आवेदन के लिए आवश्यक निर्देश

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले आवेदन पत्र भर दिया था, लेकिन निर्धारित आवेदन शुल्क जमा नहीं किया था, वे 1000 रुपये शुल्क का भुगतान कर अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। वहीं, नए अभ्यर्थियों को भी निर्धारित शुल्क के साथ पहली बार आवेदन करने का अवसर दिया गया है।

मेरिट सूची से वंचित छात्रों के लिए अवसर

मेरिट सूची से वंचित छात्रों को भी मिलेगा लाभ: विश्वविद्यालय की अधिसूचना के अनुसार प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मेधा सूची में चयनित होने के बावजूद किसी कारणवश नामांकन नहीं ले सके छात्र-छात्राएं भी अपने पुराने एमयू नंबर के माध्यम से आगे की प्रक्रिया पूरी करते हुए पुनः आवेदन कर सकेंगे। मुंगेर विश्वविद्यालय ने विषय (स्ट्रीम) बदलने के इच्छुक विद्यार्थियों को भी राहत देते हुए निर्धारित शुल्क के साथ नया आवेदन करने की अनुमति दी है। इसके अलावा पहले से आवेदन कर चुके अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र में नाम, जन्मतिथि, कोटि तथा अन्य विवरण (विषय/स्ट्रीम को छोड़कर) में भी आवश्यक संशोधन कर सकेंगे।

----------------------

बीसीए-बीबीए नामांकन को आवेदन 20 जुलाई तक

व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में नामांकन की विस्तार

मुंगेर, हिन्दुस्तान संवाददाता। मुंगेर विश्वविद्यालय ने व्यावसायिक पाठ्यक्रम बीसीए एवं बीबीए (शैक्षणिक सत्र 2026-29) के प्रथम सेमेस्टर में नामांकन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार अब इच्छुक अभ्यर्थी 15 जुलाई से 20 जुलाई, 2026 तक समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

आवेदन शुल्क और प्रक्रिया

डीएसडब्ल्यू कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार जिन छात्र-छात्राओं ने पूर्व में आवेदन पत्र भर दिया था, लेकिन निर्धारित आवेदन शुल्क जमा नहीं किया था, वे 1000 रुपये शुल्क का भुगतान कर अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके साथ ही नए अभ्यर्थियों को भी निर्धारित शुल्क के साथ आवेदन करने का अवसर प्रदान किया गया है।

मेरिट सूची में चयनित छात्रों के लिए जानकारी

विश्वविद्यालय ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मेधा सूची में चयनित होने के बावजूद किसी कारणवश नामांकन नहीं ले सके विद्यार्थियों को भी एक और अवसर दिया है। ऐसे अभ्यर्थी अपने पुराने एमयू नंबर के माध्यम से आगे की प्रक्रिया पूरी करते हुए पुनः आवेदन कर सकेंगे।

-----------------

20 तक अपलोड करें यूजी सेमेस्टर-2 के इंटरनल अंक

आंतरिक अंक अपलोड करने की तिथि

चूकने पर नहीं जारी होगा एडमिट कार्ड

16 से 20 जुलाई के बीच अपने-अपने कॉलेजों में होगी प्रायोगिक परीक्षा

मुंगेर, हिन्दुस्तान संवाददाता । मुंगेर विश्वविद्यालय ने यूजी सेमेस्टर-2 (शैक्षणिक सत्र 2025-29) की परीक्षा को लेकर सभी अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रभारी प्राचार्यों को आंतरिक मूल्यांकन एवं प्रायोगिक परीक्षा के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि सभी महाविद्यालयों को 20 जुलाई 2026 तक आंतरिक परीक्षा के अंक विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने होंगे।

परीक्षा के बाद की प्रक्रिया

परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी आदेश के अनुसार, ऑनलाइन अंक अपलोड करने के बाद संबंधित महाविद्यालयों को 21 जुलाई तक तीन हस्ताक्षरित एवं महाविद्यालय की मुहरयुक्त हार्ड कॉपी विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में जमा करनी होगी। विश्वविद्यालय ने निर्देश दिया है कि आंतरिक परीक्षा के अंक केवल विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए निर्धारित एक्सेल फॉर्मेट में ही स्वीकार किए जाएंगे। यह फॉर्मेट तभी वैध माना जाएगा, जब उसके अनुरूप प्रमाणित हार्ड कॉपी भी समय पर जमा की जाएगी।

प्रायोगिक परीक्षा की तारीख

विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन विषयों में प्रायोगिक परीक्षा निर्धारित है, उनकी परीक्षा 16 जुलाई से 20 जुलाई 2026 के बीच संबंधित विद्यार्थियों के अध्ययनरत महाविद्यालय में ही आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय ने समय-सीमा के पालन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि जो महाविद्यालय निर्धारित अवधि के भीतर आंतरिक परीक्षा के अंक अपलोड करने तथा हार्ड कॉपी जमा करने में विफल रहेंगे, उनके विद्यार्थियों का यूजी सेमेस्टर-2 का प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा। साथ ही, विलंब अथवा अपूर्ण अभिलेखों के कारण परीक्षा परिणाम के प्रकाशन में होने वाली देरी के लिए संबंधित महाविद्यालय स्वयं जिम्मेदार होगा।

आर्थिक दंड की जानकारी

परीक्षा समिति के निर्णय के अनुसार, निर्धारित तिथि तक आंतरिक परीक्षा के अंक जमा नहीं करने वाले महाविद्यालयों पर प्रति छात्र-प्रति विषय 300 रुपये की दर से अधिकतम 10 हजार रुपये तक का आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा। विश्वविद्यालय ने सभी महाविद्यालयों से समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया एवं परिणाम प्रकाशन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

-----------------

14 जुलाई के बाद की यूजी प्रायोगिक परीक्षाएं अब गृह केंद्रों पर होंगी

प्रायोगिक परीक्षा के केंद्र बदलने की जानकारी

मुंगेर, हिन्दुस्तान संवाददाता। मुंगेर विश्वविद्यालय ने स्नातक सेमेस्टर-तीन (शैक्षणिक सत्र 2024-28) और स्नातक सेमेस्टर-पांच (शैक्षणिक सत्र 2023-27) की प्रायोगिक परीक्षाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। विश्वविद्यालय ने 14 जुलाई व उसके बाद निर्धारित सभी प्रायोगिक परीक्षाओं के केन्द्रों में बदलाव करते हुए अब उन्हें संबंधित महाविद्यालयों के गृह केन्द्रों पर आयोजित कराने का निर्णय लिया है।

गृह केंद्रों पर प्रायोगिक परीक्षा

परीक्षा नियंत्रक के माध्यम से जारी सूचना में विश्वविद्यालय ने सभी अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने गृह केन्द्रों पर 16 जुलाई से 18 जुलाई 2026 के बीच प्रायोगिक परीक्षाओं का आयोजन अनिवार्य रूप से पूरा करें।

विश्वविद्यालय ने कहा है कि, प्रायोगिक परीक्षा के सफल संचालन के बाद सभी कॉलेजों को विद्यार्थियों के प्राप्तांक निर्धारित प्रारूप में 19 जुलाई 2026 तक विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराना होगा। अंक समय पर उपलब्ध होने से परीक्षा परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया को गति मिल सकेगी।

प्रश्नोत्तरी

19 नए राजकीय डिग्री कॉलेज कब से शुरू हो रहे हैं?
19 नए राजकीय डिग्री कॉलेज आज से शुरू हो रहे हैं।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsBihar NewsMunger NewsMunger News: 19 नए राजकीय डिग्री कॉलेज आज से होंगे शुरू, सत्रारंभ की तैयारी पूरी