मुंगेर में ससुराल वालों ने रोका तो बौखलाया जीजा, 10 साल के मासूम साले का किया किडनैप; 6 घंटे में दबोचा गया

Jayendra Pandey हिन्दुस्तान, मुंगेर
share

Bihar News Today: मुंगेर में ससुराल वालों द्वारा घर में घुसने से रोकने पर क्रिमिनल छवि वाले चचेरे जीजा ने 10 वर्षीय साले आर्यन का अपहरण कर लिया। पुलिस ने महज 6 घंटे में खगड़िया रेलवे स्टेशन से बच्चा सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मुंगेर में ससुराल वालों ने रोका तो बौखलाया जीजा, 10 साल के मासूम साले का किया किडनैप; 6 घंटे में दबोचा गया

Bihar News Today: बिहार के मुंगेर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक जीजा ही अपने 10 साल के मासूम साले का सबसे बड़ा दुश्मन बन बैठा। पारिवारिक विवाद और ससुराल वालों से मिली फटकार का बदला लेने के लिए एक शख्स ने अपने ही चचेरे साले का अपहरण कर लिया। हालांकि, मुंगेर पुलिस की तुरंत कार्रवाई के कारण अपहरणकर्ता जीजा अपने नापाक मंसूबों में ज्यादा देर तक कामयाब नहीं रह सका। पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर न सिर्फ मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया, बल्कि आरोपी जीजा को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

आपराधिक छवि के कारण ससुराल में थी नो-एंट्री

मुंगेर कोतवाली थाना क्षेत्र के लाल दरवाजा इलाके में यह सनसनीखेज वारदात हुई। एसपी सैयद इमरान मसूद ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस अपहरण की मुख्य वजह पारिवारिक विवाद था। दरअसल, गिरफ्तार आरोपी की पहचान खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र निवासी गौरव कुमार के रूप में हुई है। गौरव की शादी मुंगेर के लाल दरवाजा इलाके में ही हुई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी गौरव की छवि आपराधिक है। उसकी इसी गलत छवि और आपराधिक गतिविधियों के कारण ससुराल पक्ष के लोग उसे बिल्कुल पसंद नहीं करते थे और उन्होंने उसके घर आने-जाने पर सख्त मनाही कर रखी थी।

घर में घुसने से रोका तो रची खौफनाक साजिश

घटना से ठीक एक दिन पहले आरोपी गौरव अपने ससुराल पहुंचा था, लेकिन ससुराल वालों ने उसे घर के अंदर नहीं घुसने दिया और दरवाजे से ही बैरंग वापस लौटा दिया। इसी बेइज्जती और नाराजगी से गौरव आगबबूला हो गया। उसने ससुराल वालों को सबक सिखाने की खौफनाक साजिश रची। गुस्से में आकर उसने अपनी पत्नी के 10 वर्षीय चचेरे भाई को निशाना बनाया और मौका पाते ही उसे अगवा कर लिया। बच्चे के अचानक गायब होते ही परिवार में कोहराम मच गया और उन्होंने तुरंत कोतवाली थाने में इसकी सूचना दी।

6 घंटे में सकुशल बरामद हुआ बच्चा

अपहरण जैसी गंभीर सूचना मिलते ही मुंगेर पुलिस तुरंत पूरी तरह से ऐक्शन में आ गई। कोतवाली थाने की पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। महज 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी। पुलिस की विशेष टीम ने खगड़िया रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर 10 वर्षीय बालक को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही, अपहरण की इस खौफनाक साजिश को अंजाम देने वाले आरोपी चचेरे जीजा गौरव को भी मौके से ही धर दबोचा।

Jayendra Pandey

लेखक के बारे में

Jayendra Pandey
अदम गोंडवी के शहर गोण्डा से ताल्लुक रखने वाले जयेंद्र पाण्डेय मेनस्ट्रीम मीडिया में अपनी अलग पहचान बना रहे एक ऊर्जावान युवा पत्रकार हैं। वर्तमान में ’हिन्दुस्तान’ (Hindustan Times Group) के साथ जुड़कर जनसरोकार की खबरों को कवर कर रहे जयेंद्र ने नोएडा के प्रतिष्ठित संस्थान जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं और अपने करियर का आगाज ‘जी न्यूज’ की नेशनल टीम में इंटर्नशिप से किया। इसके बाद उन्होंने ’दैनिक भास्कर’ में बतौर ट्रेनी फीचर और स्पेशल स्टोरीज पर काम करते हुए कंटेंट की बारीकियों को समझा। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग में अपना लोहा मनवाया, जिसमें नोएडा ट्विन टावर डिमोलिशन से लेकर बृजभूषण शरण सिंह बनाम पहलवानों के धरने तक कई हाई-प्रोफाइल इवेंट्स की ग्राउंड रिपोर्टिंग और अन्य कई स्पेशल स्टोरीज शामिल हैं। मीडिया के साथ-साथ जयेंद्र का रुझान पॉलिटिकल कंसल्टेंसी की ओर भी है। वे चुनावी समीकरणों और रणनीतिक प्रबंधन की अच्छी समझ रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।