Hindi NewsBihar NewsMukesh Sahani VIP hints Tejashwi RJD Congress MGB alliance break up over seats and dy cm face demands
मुकेश सहनी महागठबंधन से बाहर? VIP के नए पोस्टर से तेजस्वी कैंप में टूट के संकेत

मुकेश सहनी महागठबंधन से बाहर? VIP के नए पोस्टर से तेजस्वी कैंप में टूट के संकेत

संक्षेप:

बिहार में तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन में टूट के संकेत मिल रहे हैं। 14 नवंबर को महागठबंधन सरकार के पोस्टर छापने वाले मुकेश सहनी ने कुछ देर पहले शेयर पोस्टर महागठबंधन को गायब कर दिया है। सबकी नजर सहनी के अगले पोस्ट पर है।

Oct 11, 2025 08:55 pm ISTRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share Share
Follow Us on

बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन में टूट के संकेत मिल रहे हैं। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के नेता मुकेश सहनी ने विपक्षी खेमे में बिखराव का इशारा करते हुए अपने सोशल मीडिया पोस्टर से महागठबंधन सरकार शब्द को हटा दिया है। चुनाव की घोषणा के बाद सहनी ने दो दिन अलग-अलग पोस्टर में लिखा था- “14 नवंबर, आ रही है महागठबंधन सरकार।” लेकिन, आज (शनिवार) की शाम सहनी ने जो पोस्टर छापा है, उसमें महागठबंधन गायब है। भाव और भाषा भी बदल गई है। लिखा- “14 नवंबर को हम बिहार में ऐसी सरकार बनाएंगे, जहां हर वर्ग को उसका हक और सम्मान मिलेगा।” (पोस्टर खबर के अंत में हैं)

सबकी नजर मुकेश सहनी के अगले पोस्ट और पोस्टर पर है। सहनी ने कल भी एक पोस्ट किया था और लिखा था- “मैंने संघर्ष का रास्ता चुना है।” राजनीतिक रिपोर्टिंग करने वाले कई पत्रकार सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं कि महागठबंधन ने मुकेश सहनी को थैंक्यू बोल दिया है। सहनी को कह दिया गया है कि गठबंधन में अपनी शर्तों से आगे-पीछे नहीं होना है तो वो अपना अलग रास्ता देख सकते हैं। एक तरह से मुकेश सहनी को इस बार सीट बंटवारे के ऐलान से पहले ही बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।

फिर संघर्ष करते रह जाएंगे सन ऑफ मल्लाह? मुकेश सहनी के ट्वीट से सीट संकट का संकेत

2020 में मुकेश सहनी ने महागठबंधन के सीट बंटवारे के ऐलान के लिए बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव पर पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाते हुए अलायंस छोड़ दिया था। बाद में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उन्हें अपने कोटे की 11 सीट देकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल कर लिया था। सहनी भाजपा नेता अमित शाह को अपना राजनीतिक गुरु मानते हैं।

महागठबंधन में सबकी सीट घटाने वाला फॉर्मूला; कांग्रेस, मुकेश बने रहे तो RJD 138, बाकी को कितनी?

याद दिला दें कि मुकेश सहनी कई महीने से 60 सीट की बात कर रहे थे। महागठबंधन में सीटों पर जब गंभीर चर्चा शुरू हुई तो वो 40 सीट से नीचे जाने को तैयार नहीं हो रहे थे। महागठबंधन में उनके लिए 15-16 सीट का स्कोप बन पा रहा था। उप-मुख्यमंत्री के तौर पर नाम की घोषणा को लेकर भी वो अड़े थे और यहां तक कहने लगे कि सीट 14 मिले या 44 लेकिन डिप्टी सीएम वही बनेंगे। माना जा रहा है कि तेजस्वी के सीएम घोषित होने में कांग्रेस की बाधा है। सीएम फेस के सवाल पर कांग्रेसी नेता टालू जवाब देकर निकल जाते हैं। कांग्रेस जब सीएम फेस के लिए ही तैयार नहीं है तो डिप्टी सीएम पर जिद बेमानी साबित होना ही है।

सीट बंटवारे पर BJP-JDU का लेटेस्ट फॉर्मूला, अब इसी में 1-2 आगे-पीछे होगा; NDA में किसे कितनी सीट?

मुकेश सहनी सीट और डिप्टी सीएम की जिद छोड़कर महागठबंधन में बने रहेंगे या अपनी राह पकड़ते हैं, ये आगे ही पता चलेगा। अगर सहनी महागठबंधन छोड़ते हैं तो यह उनके ऐलान से ही पता चलेगा। मुकेश सत्तारूढ़ एनडीए में जा सकते हैं लेकिन वहां भी सीट बंटवारे पर मामला फंसा हुआ है। बीजेपी ने जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) और चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी - रामविलास (एलजेपी-आर) को तो सेट कर लिया है, लेकिन जीतनराम मांझी की हम और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) को मनाना अभी तक बाकी है।

मोकामा में 25 साल बाद महा-मुकाबला; अनंत सिंह से क्यों लड़ने जा रहे सूरजभान सिंह, कौन पड़ेगा भारी?

सीट बंटवारे में देरी से दोनों अलायंस में पार्टी और चुनाव लड़ने वालों की परेशानी बढ़ती जा रही है। पहले चरण का नामांकन शुरू हुए दो दिन बीत चुका है। अब दोनों गठबंधन में एक-दूसरे से सहमत दलों के बीच नाराज ‘फूफा’ को छोड़कर बारात आगे बढ़ने का विचार प्रबल हो रहा है।

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
;;;