बिहार में चलती बस बनी आग का गोला, अंदर बैठे थे स्कूल के 50 से ज्यादा बच्चे; मच गया हड़कंप
लखीसराय जिले के अलसी प्रखंड के गरुआ-पुरसंडा मध्य विद्यालय से शैक्षणिक परिभ्रमण पर छात्र राजगीर आ रहे थे। रास्ते में बस में आग लग गई।

बिहार के नालंदा में पचास से अधिक स्कूली बच्चों की जान पर संकट छा गया जब उन्हें लेकर जा रही बस में आग लग गई। देखते-देखते बस आग का गोला बन गई। ड्राइवर की सूझबूझ की मदद से सभी बच्चों की जान बच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। दूसरे बस पर सवार होकर बच्चे अपने अपने घरों को लौटे। इस दौरान स्कूल के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के चेहरों पर दहशत छा गई। कई छात्रों के अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए।
राजगीर थाना क्षेत्र के राजगीर-गिरियक मार्ग पर आयुध कारखाना के गेट संख्या दो के पास शनिवार को चलती बस में अचानक आग लग गयी। बस में लखीसराय जिले से शैक्षणिक परिभ्रमण पर आये करीब 50 छात्र व शिक्षक सवार थे। चालक की तत्परता और स्थानीय लोगों की सक्रियता से छात्र बाल-बाल बच गये। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। आग कैसे लगी, यह पता नहीं चल पाया है। फायर ब्रिगेड विभाग इसकी जांच कर रहा है।
लखीसराय जिले के अलसी प्रखंड के गरुआ-पुरसंडा मध्य विद्यालय से शैक्षणिक परिभ्रमण पर छात्र राजगीर आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बस आयुध कारखाना के गेट नंबर दो के पास पहुंची, अचानक बस से तेज धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं। सड़क पर चल रहे लोगों ने ड्राइवर को इसकी जानकारी दी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक हीरालाल ने तुरंत बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और सभी छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बच्चे काफी डर गए थे। थोड़ी देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। सभी बच्चे आग देखकर चिल्लाने लगे।
स्थानीय लोगों ने पाया आग पर काबू
जानकारी मिलते ही दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गये। अग्निशमन विभाग को सूचना दी गयी। पास की सर्फ फैक्ट्री के संचालक राहुल कुमार अपनी फैक्ट्री से दो फायर एक्सटिंग्विशर (एबीसी गन) और एक बोरा डोलोमाइट पाउडर लेकर पहुंचे। स्थानीय लोगों एवं फैक्ट्री कर्मियों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कुछ ही देर में अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और बस में लगी आग को पूरी तरह से बुझाकर शांत कर दिया।
घटना के बारे में अग्निशमन पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष ने बताया कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। सभी बच्चों और शिक्षकों को सुरक्षित निकाल लिया गया। घटना के बाद छात्राएं और शिक्षक भयभीत दिखे। दूसरी बस बुलाकर उन्हें वापस लखीसराय भेजा गया।
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

