
चाकूबाजी में युवक जख्मी, भर्ती
मोतिहारी के राजा बाजार पश्चिमी गोपालपुर मोहल्ला में एक युवक गौतम कुमार चाकूबाजी में गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रेफर किया गया। आरोपी आशु उर्फ गुलगुल को गिरफ्तार कर लिया गया है और प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मोतिहारी। नगर थाना क्षेत्र के राजा बाजार पश्चिमी गोपालपुर मोहल्ला में रविवार की रात चाकूबाजी में एक युवक गंभीर रुप से जख्मी हो गया। घायल युवक उक्त मोहल्ला निवासी गौतम कुमार है। घटना के बाद आनन-फानन में परिजनों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। फिलहाल निजी नर्सिंग होम में घायल युवक का इलाज चल रहा है। मामले में गौतम कुमार की मां रीता देवी के बयान पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई है। इसमें पश्चिमी गोपालपुर मोहल्ला निवासी आशु उर्फ गुलगुल को आरोपित किया गया है।
कहा है कि वह अपने परिजनों के साथ राजा बाजार पश्चिम गोपालपुर में रहती है तथा शहर की एक चिकित्सक के क्लिनिक में काम करती है। रविवार को उसका पुत्र गौतम कुमार व बहु सुनिता देवी मोहल्ला में स्थित एक स्कूल के बगल में चापाकल पर पानी लेने जा रहे थे। तभी रास्ते में आरोपित आशु उर्फ गुलगुल बदसलूकी करते हुए गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसका पुत्र व बहु बगैर पानी लिए वापस घर आए तथा इसकी जानकारी दी। तभी आरोपित चाकू के साथ उसके दरवाजा पर आया तथा उसके पुत्र गौतम से उलझ गया। इसके बाद उसके पुत्र को खींचकर पड़ोसी के दरवाजा पर ले गया, जहां उसपर ताबड़तोड़ चाकू से हमला करने लगा। इस दौरान उसके पुत्र के पेट, पीठ, गर्दन व चेहरे पर हमला कर जख्मी कर दिया। इसके बाद खून से लथपथ गौतम को बाइक से लेकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं आरोपित आशु उर्फ गुलगुल को आसपास के लोगों ने पकड़कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। घटना में प्रयुक्त चाकू को बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपित को पूछताछ के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




