
सात साल पूर्व मृत घोषित महिला को पुलिस ने किया बरामद
चकिया में सात साल पहले मृत घोषित की गई मंजू कुमारी को पुलिस ने उसके मायके से जिंदा बरामद किया। उसके पति और ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप था। मंजू ने बताया कि वह अहमदाबाद में एक युवक से शादी कर रही थी और हाल ही में मायके आई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चकिया। सात साल पूर्व जिस महिला को मृत घोषित कर ससुराल वाले के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया गया था,उस महिला को पुलिस ने उसके मायके से शुक्रवार को जिंदा बरामद किया है। बताया जाता है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बासवान भवानीपुर निवासी इंद्रासन भगत की पुत्री मंजू कुमारी की शादी 4 मार्च 2018 को चकिया थाना क्षेत्र के बारा गोविंद निवासी उपेंद्र भगत के साथ हुई थी। मंजू के पिता ने 9 नवंबर 2018 को मोतिहारी न्यायालय में एक कोर्ट परिवाद दायर किया था, जिसमें मंजू के पति, सास, ससुर समेत पांच लोगों पर दहेज के लिए मंजू की हत्या कर साक्ष्य छुपाने के लिए शव को गायब कर देने का आरोप लगाया था।
कोर्ट परिवाद के आधार पर चकिया थाना में कांड संख्या 294/18 दर्ज किया गया था। मंजू के पति ने बताया कि गिरफ्तारी के भय से सभी आरोपी घर छोड़कर फरार रहते थे। इस दौरान मंजू के पिता को मोटी रकम देकर न्यायालय में इस केस में सुलहनामा भी लगाया गया। इधर जैसे ही उनलोगों को जानकारी हुई कि मंजू अपने मायके आई हुई है, तो इस केस के अनुसंधानकर्ता पीएसआई मौसम कुमार ने पीएसआई साक्षी सेहा व पुलिस बल के साथ छापेमारी कर मंजू को बरामद कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार मंजू अपने ससुराल से भागकर अहमदाबाद चली गई, जहां एक युवक से शादी कर रह रही थी। उसे एक बच्चा भी है। हाल ही में वह मायके आई थी,जहां से पुलिस ने उसे बरामद किया है। नवपदस्थापित थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मुन्ना कुमार ने बताया कि बरामद महिला से पूछताछ की जा रही है। वहीं इस मामले में झूठा केस करने समेत अन्य कानूनी पहलुओं की जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




