ड्रेनेज फेल होने से सड़कों पर बह रहा नाले का पानी, मोहल्ले में सफाई ठप

Feb 06, 2026 05:11 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मोतिहारी
share

मठिया जिरात मोहल्ले की गली में जलभराव और सड़क की खराब स्थिति से लोग परेशान हैं। टूटे स्लैब और गड्ढों के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। बच्चों को स्कूल भेजना मुश्किल हो रहा है। स्थानीय लोग नगर निगम से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

ड्रेनेज फेल होने से सड़कों पर बह रहा नाले का पानी, मोहल्ले में सफाई ठप

नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत शहर के वार्ड नंबर-12 स्थित मठिया जिरात मोहल्ला की एक प्रमुख गली आज स्थानीय लोगों के लिए सिरदर्द बन चुकी है। मोहल्ले की मुख्य सड़क पर पहले से ही पानी जमा रहने की समस्या थी। काफी मशक्कत के बाद अब मुख्य सड़क के किनारे नाला निर्माण शुरू हुआ है। मगर, गलियों की दशा दयनीय बनी हुई है। इसे देखनेवाला कोई नहीं है। चुन्नू सिंह, लड्डू सिंह, अभय कुमार, संजीत कुमार, अजय सिंह, योगी पटेल, झुलफी सिंह ने कहा कि मठिया - धर्मसमाज रोड स्थित बंधन मैरेज हॉल से अंदर मोहल्ला में जानेवाली सड़क की स्थित बहुत खराब है।

गली की सड़क से कई जगह स्लैब गायब हो चुका है। पानी भरा होने से गड्ढे का पता नहीं चल पाता है। इससे हमेशा सड़क पर गिरने का डर बना रहता है। इस गली में प्रवेश करने पर ही डर लगता है। इस गली में निजी स्कूल की दो-दो बिल्डिंग है। कीचड़ भरी इस सड़क होकर बच्चों को स्कूल भेजने में भी डर बना रहता है। जलभराव के कारण गली की सड़क ने हालात और बदतर कर दिया है। गली से जलनिकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। इस कारण नाला में पानी लबालब भरा रहता है। इस कारण से नाला की समुचित सफाई भी नहीं हो पाती। नतीजतन गली में हमेशा जलभराव बना रहता है। अवधेश सिंह, झुलफी सिंह, अंशु कुमार, संजीत कुमार, अजय सिंह, मनोज सिंह, चंदन कुमार, दीपक कुमार आदि ने कहा कि गली की सड़क पर पानी भरा रहने से सड़क पर टूटे स्लैब और गड्ढे नजर ही नहीं आते हैं। इसी कारण आए दिन बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बाइक सवार अक्सर नाले के टूटे स्लैब में फंसकर जख्मी हो जाते हैं। इस गली में दो-दो बिल्डिंग में निजी स्कूल संचालित हैं, जहां पढ़ने वाले बच्चों को कीचड़ और गड्ढों से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार गिरने से बच्चों की यूनिफॉर्म तक खराब हो जाती है, जिससे अभिभावकों में गहरी नाराजगी है। चंदन सिंह, योगी पटेल, अवधेश सिंह, झुलफी सिंह, अंशु सिंह, लड्डू कुमार, पिंकू कुमार सिंह, मो. असलम, मो. अनवारूल हक, मो. साजिद आदि ने कहा कि जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है, लेकिन नगर निगम की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इलाके में लंबे समय से फॉगिंग नहीं कराया गया है। जलभराव वाले इस रास्ते पर स्ट्रीट लाइट की भी कमी है। इस कारण शाम होेते ही सड़क पर अंधेरा छा जाता है। अंधेरे में सड़क के गड्ढे का पता नहीं चल पाता है। इस सड़क पर गिरकर अक्सर राहगीर गिरकर चोटिल होते रहते हैं। स्ट्रीट लाइट नहीं होने से रात के अंधेरे में हालात और खतरनाक हो जाते हैं। अंधेरे में पानी भरी सड़क पर लोग फिसलकर गिर रहे हैं। इससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं व बच्चों को अधिक परेशानी होती है। लोगों काे सुबह-शाम टहलने के लिए घर से बाहर निकलने से पहले सोचना पड़ता है। मोहल्लावासियों का कहना है कि नगर निगम से कई बार शिकायत की गई, आश्वासन भी मिले, लेकिन जमीनी स्तर पर समाधान नहीं हुआ। हालात इतने खराब हैं कि आयोजनों के लिए लोगों को मजबूरी में होटल का सहारा लेना पड़ रहा है। अब मोहल्ले के लोग अस्थायी मरम्मत नहीं, बल्कि स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

प्रस्तुति : पराशर प्रभात, विजय कुमार सिंह

बोले जिम्मेदार

नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 की सड़क और जलनिकासी की समस्या संज्ञान में है। क्षेत्र का निरीक्षण कर लिया गया है और तकनीकी टीम से रिपोर्ट मंगाई गई है। मठिया-धर्मसमाज चौक के बीच मुख्य सड़क के नाला निर्माण का का काम चल रहा है। इस नाला के निर्माण के साथ ही मोहल्ला की सभी गलियों से नाला निकासी का भी इंतजाम सुगमता से हो सकेगा। मोहल्ला की सभी गलियों की साफ-सफाई का पहले से निर्देश दिया गया है।

डॉ लालबाबू प्रसाद, डिप्टी मेयर, नगर निगम मोतिहारी

सुझाव

1. गली में पक्का नाला निर्माण कराया जाए। पुराने नालों की नियमित सफाई हो। पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए।

2. गली की सड़क को नए सिरे से बनाया जाए। टूटे स्लैब और गड्ढों को हटाया जाए। मानक के अनुसार पक्की सड़क बने।

3. गली में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाई जाए। खराब लाइटों की नियमित मरम्मत हो। रात में रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित हो।

4. नियमित रूप से फॉगिंग और दवा का छिड़काव हो। मच्छरों के लार्वा नष्ट किए जाएं। स्वास्थ्य विभाग की निगरानी बढ़े।

5. नगर निगम की टीम नियमित निरीक्षण करे। शिकायतों का समय पर समाधान हो। स्थानीय लोगों से फीडबैक लिया जाए।

शिकायतें

1. मोहल्ला की गली में पानी जमा रहता है। नाला निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है।

2. गली की सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। जगह-जगह गड्ढे और टूटे स्लैब हैं। पानी में गड्ढे दिखते नहीं। दुर्घटना का डर रहता है।

3. इस गली में निजी स्कूल संचालित हैं। बच्चों को कीचड़ से होकर आना-जाना पड़ता है। बुजुर्ग व महिलाएं गिरकर घायल हो रहे हैं।

4. गली में स्ट्रीट लाइट नहीं है। रात में पूरा इलाका अंधेरे में डूबा रहता है। अंधेरे में लोग पानी में गिर जाते हैं।

5. जलजमाव से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। डेंगू-मलेरिया का खतरा मंडरा रहा है। निगम की ओर से छिड़काव नहीं हो रहा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।