Hindi NewsBihar NewsMotihari NewsVoter Enthusiasm Soars in Motihari Elections with Long Queues at Polling Stations
दिन चढ़ने के साथ ही बढ़ता गया वोट प्रतिशत

दिन चढ़ने के साथ ही बढ़ता गया वोट प्रतिशत

संक्षेप: मोतिहारी में लोकतंत्र के महापर्व में मतदान के प्रति लोगों में उत्साह देखने को मिला। शहरी क्षेत्र में सुबह मतदान केंद्रों पर भीड़ कम थी, लेकिन दिन चढ़ने के साथ कतारें लंबी हो गईं, खासकर मुस्लिम आबादी वाले क्षेत्रों में। कई मतदान केंद्रों पर महिलाओं की बड़ी संख्या ने अपनी बारी का इंतजार किया।

Wed, 12 Nov 2025 12:53 AMNewswrap हिन्दुस्तान, मोतिहारी
share Share
Follow Us on

मोतिहारी। लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी को लेकर मंगलवार को वोटरों में खूब उत्साह दिखायी दिया। शहरी क्षेत्र में सुबह में मतदान केंद्रों पर वोटरों की भीड़ कम दिखी। दिन चढ़ने के साथ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतार भी लंबी होती गयी। वहीं, शहर के वैसे मतदान केंद्रों जहां मुस्लिम आबादी अधिक है, वहां, वोटरों की लंबी कतार सुबह से लग गयी थी। बुर्कानशीं महिलाएं भी बड़ी तादाद में कतार में लग अपनी बारी का इंतजार करती दिखीं। सुबह 7 बजे शहर के छतौनी के अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सिकरहना का कार्यालय स्थित बूथ संख्या 138 पर मतदाताओं की भीड़ नहीं थी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

यहां इक्का-दुक्का ही मतदाता पहुंचे थे। वहीं, धर्मसमाज संस्कृत उच्च विद्यालय मतदान केंद्र पर सुबह 8:40 बजे नजारा कुछ अलग था। यहां बूथ संख्या 145 व 148 पर मतदाताओं की लंबी कतार लगी थी। इसमें सबसे अधिक मुस्लिम मतदाताओं की संख्या थी। शहर के गौरीशंकर मध्य विद्यालय में छह मतदान केंद्र है। यहां सुबह 8:45 बजे मतदान केंद्र संख्या 93,96,97 पर मतदाताओं की कतार लगी थी। यहां मुस्लिम वोटर बड़ी संख्या में थे। यहां बूथ संख्या 93 पर सुबह 8:45 बजे तक कुल 909 में 134 वोट पड़े थे। वहीं बूथ संख्या 96 पर कुल 835 में 120 वोट पड़े थे। बूथ संख्या 97 पर 100 वोट डाले गये थे। यहां शमा प्रवीण सेल्फी प्वाइंट पर फोटो निकालती मिलीं। यहां रतन श्रीवास्तव भी मतदान करने पहुंचे थे। वे काफी उत्साहित थे। इधर, नरकटिया विधानसभा क्षेत्र के बंजरिया प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय सिसवनिया उर्दू सिकरहना नदी के किनारे स्थित है। यहां बूथ संख्या 293 व 294 सुबह 10:15 बजे वोटरों की लंबी कतार लगी थी। जटवा विद्यालय में भी वोटरों की अच्छी कतार दिखी। उत्क्रमित मध्य विद्यालय सुंदरपुर उर्दू में 11:30 बजे तक बूथ संख्या 301 पर कुल 829 में 350 वोट डाले गये थे। अपराह्न 1.05 बजे सुगौली विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय छपवा फुलवरिया में वोटरों की लंबी कतार थी। यहां कुल 619 में 376 वोट पड़े थे। इसमें, 187 पुरुष व 189 महिला वोटर थे। वहीं बूथ नंबर 252 पर कुल 963 में 461 वोट पड़े थे। अपराह्न 1:25 बजे मध्य विद्यालय छगराहां में कुल 987 में 440 मत पड़े थे।