Hindi NewsBihar NewsMotihari NewsVoter Awareness Campaign in Motihari University Promotes Democratic Responsibility
मतदान हमारे संघर्ष से अर्जित अधिकार, लापरवाही न करें: वीसी

मतदान हमारे संघर्ष से अर्जित अधिकार, लापरवाही न करें: वीसी

संक्षेप:

महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी में मतदाता जागरूकता अभियान एवं रैली का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने लोकतंत्र के महत्व को बताते हुए मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आग्रह किया। रैली में शिक्षकों, छात्रों और नागरिकों ने भाग लिया। यह अभियान आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए तैयार किया गया था।

Mon, 10 Nov 2025 05:43 AMNewswrap हिन्दुस्तान, मोतिहारी
share Share
Follow Us on

मोतिहारी, निप्र। महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और संपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को एक मतदाता जागरूकता अभियान एवं रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने किया । रैली को विश्वविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. प्रसून दत्त सिंह ने चाणक्य परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली मोतिहारी के प्रमुख स्थलों सदर हॉस्पिटल, गांधी चौक और मीना बाजार से गुजरते हुए ज्ञानबाबू चौक पर संपन्न हुई। इसमें विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों व नगर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस अभियान का उद्देश्य आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण को ध्यान में रखते हुए मोतिहारी नगर के नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता एवं उत्तरदायित्व की भावना को प्रबल बनाना था।इस

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

दौरान कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने कहा, कि यह हर्ष का विषय है कि हम लोकतंत्र का महापर्व मना रहे हैं। हमारा उद्देश्य नागरिकों को मतदान के महत्व से अवगत कराना और उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करना है। चंपारण इस संघर्ष का साक्षी रहा है, जहां से स्वतंत्रता की संगठित लड़ाई की शुरुआत हुई थी। आज जब हमें यह अधिकार प्राप्त है, तो इसमें लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सजग नागरिक मुद्दों के आधार पर विवेकपूर्ण निर्णय लेते हैं और यही लोकतंत्र की सच्ची शक्ति है। कुलपति ने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को आगामी चुनाव में अधिक से अधिक मतदान करने और अपने लोकतांत्रिक कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई। विश्वविद्यालय के मुख्य कुलानुशासक एवं एनएसएस इकाई के संयोजक प्रो. प्रसून दत्त सिंह ने कहा कि पढ़े-लिखे और बुद्धिजीवी होने के नाते समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने रैली में शामिल विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने स्तर पर कम से कम 20 लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें। वहीं संपर्क विभाग के सह जिला संपर्क प्रमुख डॉ. नरेन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मतदान न केवल नागरिकों का अधिकार है, बल्कि लोकतांत्रिक कर्तव्य भी है। इस अवसर पर एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जुगल किशोर दधीचि, डॉ. कुंदन किशोर रजक, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. अनुपम वर्मा, डॉ. मुस्कान भारती ,संपर्क विभाग से रविशंकर वर्मा, श्याम सुंदर राम, मनोज कायल, बसंत जायसवाल, अंगद सिंह, जितेन्द्र त्रिपाठी आदि ने रैली में भाग लेकर युवाओं का उत्साहवर्द्धन किया।