मुआवजे को लेकर तटबंध का कार्य रोका
बंजरिया के गोबरी गांव में ग्रामीणों ने सिकरहना नदी पर चल रहे तटबंध निर्माण का विरोध किया। उनका मुख्य मुद्दा उचित मुआवजा और जमीन के बदले जमीन की मांग थी। स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन देने के बाद ग्रामीणों का विरोध समाप्त हुआ और निर्माण कार्य पुनः शुरू किया गया।

बंजरिया। सिकरहना नदी पर चल रहे तटबंध निर्माण कार्य के दौरान बंजरिया के गोबरी गांव में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए काम को रोक दिया। ग्रामीणों का मुख्य मुद्दा निर्माण कार्य की जद में आ रहे उनके घरों का उचित मुआवजा और जमीन के बदले जमीन की मांग थी । बेहतर सुरक्षा और बाढ़ नियंत्रण के उद्देश्य से बेतिया जिले के चनपटिया से मोतिहारी के कटहां गांव तक तटबंध का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में गोबरी गांव में जब निर्माण कार्य पहुंचा, तो ग्रामीणों ने काम बाधित कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि मिट्टी ढलाई का कार्य उनके घरों के बीच से होकर किया जा रहा है।
ग्रामीण जिनकी जमीन और घर इस परियोजना में आ रहे हैं, वे सरकार से उचित मुआवजे और विस्थापन के लिए जमीन के बदले जमीन की मांग कर रहे थे । निर्माण कार्य रुकने की सूचना मिलते ही सदर एसडीओ निशांत सिहरा, बंजरिया सीओ रोहन रंजन सिंह, थानाध्यक्ष अमित कुमार और राजस्व कर्मचारी दीपक कुमार के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय मुखिया मो. सलवातुल्लाह उर्फ आदिल राणा भी पहुंचे । एसडीओ निशांत सिहरा के के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना विरोध वापस ले लिया। जिसके बाद तटबंध निर्माण का कार्य फिर से सुचारू रूप से शुरू हो गया । सदर एसडीओ निशांत सिहरा ने बताया कि ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया है। प्रशासन जनहित और नियमों के अनुसार कार्रवाई करेगा। विकास कार्यों में बाधा न हो और किसी का नुकसान न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा ।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


