पांच में से दो पुत्रों की शादी नहीं कर सके योद्धा मांझी

Apr 05, 2026 11:32 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मोतिहारी
share

तुरकौलिया के शंकर सरैया परसौना गांव में जहरीली शराब ने योद्धा मांझी की जान ले ली, जिससे पूरा परिवार और गांव शोक में डूब गया। मांझी के पांच बेटे थे, और उनकी मौत से परिवार में मातम छा गया है। गांव के लोग इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त कर रहे हैं।

पांच में से दो पुत्रों की शादी नहीं कर सके योद्धा मांझी

तुरकौलिया, निसं। थाना क्षेत्र के शंकर सरैया परसौना गांव में जहरीली शराब ने एक और परिवार को उजाड़ दिया। योद्धा मांझी उर्फ जोधा मांझी की मौत ने पूरे गांव को गहरे शोक में डूबो दिया है। भरा-पूरा परिवार रखने वाले योद्धा अब अपनों को छोड़कर सदा के लिए चले गए, जिससे घर में मातम का माहौल है। योद्धा मांझी पांच पुत्रों के पिता थे। उन्होंने अपने तीन बेटों ब्रह्मादेव मांझी, बासुदेव मांझी और धरमदेव मांझी की शादी कर दी थी। वहीं दो बेटे, मुन्ना और झुन्ना, की शादी करने का सपना उनके मन में अधूरा ही रह गया। वे अक्सर गांव में अपने छोटे बेटों के विवाह की चर्चा किया करते थे।

लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। शराब पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी रविवार को मौत हो गई। इस घटना ने न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। घर की बहुएं सीमा देवी, चिंता देवी और पूनम देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी घटना से मर्माहत हैं।बहू सीमा देवी की चीख-पुकार से माहौल और भी गमगीन हो गया। वह रोते हुए कह रही थीं, बाबूजी हम सबको छोड़कर चल गए, अब हमारे घर से बड़ों का साया उठ गया। उनकी बात सुनकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। परसौना गांव में इस दुखद घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं और इस हादसे को लेकर गहरा दुख व्यक्त कर रहे हैं। जहरीली शराब की वजह से लगातार हो रही मौतों ने इलाके में डर और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।