खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव से हरसिद्धि के प्रवासी युवकों में दहशत, परिजन चिंतित
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच खाड़ी देशों में रह रहे हरसिद्धि क्षेत्र के युवकों में भय का माहौल है। ईरान और इराक के बीच सैन्य तनाव के चलते सुरक्षा स्थिति गंभीर हो गई है। प्रवासी भारतीयों को घरों में रहने की सलाह दी गई है। परिजनों की चिंता बढ़ गई है, सभी की प्रार्थना है कि उनके बच्चे सुरक्षित लौटें।

हरसिद्धि, निज संवाददाता। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच खाड़ी देशों में रह रहे हरसिद्धि थाना क्षेत्र के युवकों में भय का माहौल व्याप्त है। यादवपुर पंचायत के दुदही गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से दर्जनों युवक रोजी-रोजगार के सिलसिले में संयुक्त अरब अमीरात (दुबई), सऊदी अरब और जॉर्डन में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि ईरान और इराक के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के कारण पूरे क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति गंभीर हो गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार खाड़ी क्षेत्र के कई हिस्सों में हाई अलर्ट घोषित किया गया है, जिससे प्रवासी भारतीयों में भय और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।
दुबई में रह रहे 22 वर्षीय अखलाक आलम (पिता आलिम मियां, वार्ड संख्या 14) ने फोन पर अपने परिजनों को बताया कि वहां हालात तनावपूर्ण हैं। उन्होंने कहा, मौत का साया यहां भी मंडरा रहा है। सरकार हमें सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का प्रयास कर रही है। लेकिन कब क्या हो जाए, इसकी कोई गारंटी नहीं है। हम लोग काफी डरे हुए हैं। अखलाक ने बताया कि गांव के करीब आधा दर्जन युवक उनके संपर्क में हैं और फिलहाल सभी सुरक्षित हैं। लेकिन भय का माहौल बना हुआ है। उनके अनुसार मंजूर आलम (जॉर्डन), तूफान आलम (दुबई), अब्बास अली (दुबई), मनान आलम (सऊदी अरब), रेजा आलम (दुबई) तथा किस्मत आलम (दुबई) सहित कई युवक वहां कार्यरत हैं। प्रवासी युवकों के अनुसार सुरक्षा कारणों से कई स्थानों पर यातायात एवं फैक्ट्री संचालन प्रभावित हुआ है। लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है तथा अनावश्यक बाहर निकलने, वीडियो बनाने या अफवाह फैलाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इधर दुदही गांव में परिजनों की चिंता बढ़ गई है। अखलाक के परिवार वालों ने बताया कि बेटा रोजगार के लिए विदेश गया है। लेकिन वर्तमान स्थिति को लेकर पूरा परिवार चिंतित है। सभी की यही प्रार्थना है कि उनके बच्चे सकुशल घर लौट आएं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


