शिक्षक संघ ने शुरू किया अनिश्चितकालीन आमरण अनशन
मोतिहारी में, बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार राय ने सोमवार से अनिश्चित कालीन आमरण अनशन शुरू किया है। शिक्षकों का आरोप है कि वे विभाग की उदासीनता के कारण कई समस्याओं का सामना कर रहे हैं, जिसमें बकाया एरियर का भुगतान और प्रोन्नति में देरी शामिल है।

मोतिहारी। शिक्षकों के विभिन्न मांगों के समर्थन में बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार राय ने दर्जनों शिक्षकों के साथ डीईओ कार्यालय में सोमवार से अनिश्चित कालीन आमरण अनशन प्रारंभ कर दिया है। इस दौरान श्री राय ने कहा कि जिले के प्रारंभिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक विभाग के उदासीन रवैये के कारण विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। जिले के विभिन्न कोटि के शिक्षकों के बकाया एरियर के भुगतान के लिए एसीएस ने बार बार चेतावनी देते हुए 12 दिसंबर 25 तक अंतिम रूप से भुगतान कर देने का समय दिया परंतु उनके आदेश को धत्ता बताते हुए आज तक विभिन्न प्रकार के एरियर का भुगतान नहीं हुआ।
मालूम हो कि पूरे जिले में शिक्षकों का भुगतान मात्र दो दिनों में संपन्न हो जाता है, परंतु यहां कभी बिल फंस जाने का हवाला देकर बहाना बनाकर देरी किया जाता है । आरोप लगाया कि बिना नियम के जिला व प्रखंड कार्यालय में शिक्षकों का प्रतिनियोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि 20 वर्षों से राष्ट्र की मुख्यधारा शिक्षा प्रदान करने वाले नियोजित शिक्षक विभाग के उदासीन रवैये के कारण नियम होने के बाबजूद प्रोन्नति एवं स्थानांतरण पाने से वंचित है। विशिष्ट शिक्षकों के बकाया वेतन का भुगतान व विद्यालय अध्यापकों को संशोधित महंगाई भत्ता, आवास भत्ता एवं वार्षिक वेतन वृद्धि कर भुगतान करने,स्नातक योग्यताधारी बेसिक ग्रेड शिक्षक को 8 वर्ष की सेवा पर स्नातक ग्रेड में प्रोन्नति देने, नियोजित प्रारंभिक शिक्षकों को 12 वर्षों की सेवा पर अगले वेतनमान में प्रोन्नति देने की प्रक्रिया पूर्ण करना शामिल है। उन्होंने कहा कि जबतक हमारी मांगे पूरी नहीं होती आंदोलन जारी रहेगा। मौके पर जिला वरीय उपाध्यक्ष राकेश कुमार तिवारी, कोषाध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार, छठू सिंह, प्रह्लाद कुमार, फैज अहमद, उमेश पंडित, सुमन कुमार, शशिशेखर, ताराचंद्र बैठा, राजमंगल यादव, शैलेश चंद्र, मो.आजाद खां, विष्णु कुमार प्रभाकर, जयंत कुमार आर्य, प्रकाशचंद्र समेत अन्य मौजूद है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


