मैट्रिक परीक्षा का प्रवेश पत्र नहीं मिलने पर छात्रों ने किया हंगामा
कल्याणपुर के उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय दरमाहा के 71 छात्रों को प्रधानाध्यापक की लापरवाही से मैट्रिक परीक्षा का प्रवेश पत्र नहीं मिला है। छात्रों ने विद्यालय में हंगामा किया और विरोध प्रदर्शन किया। प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं और छात्रों को विशेष परीक्षा में शामिल करने का आश्वासन दिया है।

कल्याणपुर, निसं। उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय दरमाहा के 71 छात्र-छात्राओं को प्रधानाध्यापक की लापरवाही से मैट्रिक की परीक्षा का प्रवेश पत्र नहीं मिलने से उनका भविष्य अधर में पहुंच गया है। छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में जमकर हंगामा किया। प्रधानाध्यापक के लापरवाही के विरोध में प्रदर्शन किया। सभी छात्र अपना रजिस्ट्रेशन नंबर हाथ में लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। उनका कहना है कि जब हमने रजिस्ट्रेशन कराया सभी प्रकार के फीस जमा कराया तो मैट्रिक का प्रवेश पत्र क्यों नहीं आया। यह गलती हमारी नहीं है यह विद्यालय प्रबंधन की है। मैट्रिक परीक्षा में विद्यालय से 127 छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया था। जिसमें 71 छात्र-छात्राओं का प्रवेश पत्र नहीं मिला।
जबकि प्रधानाध्यापक द्वारा मांगी गई फीस सभी छात्र जमा कर चुके हैं। छात्र-छात्राओं में पूजन कुमार, टूनटून कुमार, कुंदन कुमार, पवन कुमार, प्रेम कुमार, करीना कुमारी, रश्मि कुमारी, प्रिति, मुस्कान , जूली, खुशबू आदि ने बताया कि दस दिन से रोज आज कल कहकर बुलाया जा रहा है। लेकिन अभी तक मैट्रिक का परीक्षा देने के लिए प्रवेश पत्र नहीं दिया गया है। जबकि 17 फरवरी से परीक्षा शुरू है। इसको लेकर छात्र-छात्राओं व अभिभावकों ने बलीबेलवा पुल को जाम किया। इसके पूर्व विद्यालय परिसर में रजिस्ट्रेशन फॉर्म के साथ प्रदर्शन किया। प्रशासन की मौजूदगी में अंचलाधिकारी रंधीर प्रसाद के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। वहीं डीपीओ नित्यम गौरव ने बताया कि प्रधानाध्यापक पर जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए जा रहे हैं। जिनका प्रवेश पत्र नहीं आया है उन्हें विशेष परीक्षा में शामिल किया जायेगा। जबकि छात्र-छात्राओं ने बताया कि हमारी कोई ग़लती नहीं है तो हम विशेष परीक्षा में क्यों शामिल होंगे। हमें मुख्य परीक्षा में शामिल किया जाये। डीपीओ ने बताया कि बीइओ को जांच का आदेश दिया गया है। बीईओ विनय कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की जांच जा रही है।


