74 हजार मीट्रिक टन धान की हुई खरीद

Jan 31, 2026 11:30 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मोतिहारी
share

मोतिहारी में धान खरीद की गति धीमी हो गई है, जिससे किसान परेशान हैं। पैक्स और व्यापार मंडल धान खरीदने में असमर्थ हैं। तीन महीने में केवल 74 हजार मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है, जो लक्ष्य का 56 प्रतिशत है। किसान बिचौलियों को औने-पौने दामों पर धान बेचने को मजबूर हैं।

74 हजार मीट्रिक टन धान की हुई खरीद

मोतिहारी, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले में धान खरीद की गति धीमी है। किसान धान बेचने के लिए परेशान हैं। लेकिन पैक्स व व्यापार मंडल धान की खरीद करने से हाथ खड़ा कर रहे हैं। लिहाजा जिले में तीन माह में मात्र 74 हजार 132 मीट्रिक टन किसानों से धान की खरीद हो सकी है। जबकि सहकारिता विभाग को 1 लाख 33 हजार 99 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य मिला है। किसानों से 353 चयनित समितियों के माध्यम से जो धान की खरीद की गई है वह निर्धारित लक्ष्य का मात्र 56 प्रतिशत है। एफआरके की आपूर्ति ठप होने से धान की खरीद प्रभावित : धान खरीद के बाद समितियों के द्वारा राइस मिलों को सीएमआर के लिए धान आपूर्ति करनी है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

राइस मिलर को धान की कुटाई कर चावल में प्रति 100 किलो में 1 किलो एफआरके (फोर्टीफाइड राइस कर्नल्स) मिक्स करने का प्रावधान है। धान से सीएमआर तैयार करने के लिए लक्ष्य के विरुद्ध 9 हजार क्विंटल एफआरके की खपत का लक्ष्य है। लेकिन विभाग को लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 1044 क्विंटल ही एफआरके की आपूर्ति की गई है। इसमें 960 क्विंटल राइस मिलों को आपूर्ति कर दी गई है। विभाग के पास मात्र 84 क्विंटल एफआरके अवशेष है। एफआरके की आपूर्ति कम होने से चयनित राइस मिलों को लक्ष्य के अनुसार नहीं उपलब्ध हो पा रहा है। इसके कारण राइस मिलों में सीएमआर तैयार करने की गति मंद पड़ने से समितियां भी धान की खरीद करने से टालमटोल कर रही है। औने पौने दाम में धान बेच रहे किसान : क्रय केंद्रों पर धान नहीं बिकने से किसान बिचौलियों के हाथों औने पौने दाम में धान बेच रहे हैं। धान अधिप्राप्ति में साधारण धान का रेट 2369 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। क्रय केंद्रों पर धान नहीं बिकने से किसान 1700 से 1800 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान बेचने को विवश हैं। इससे किसानों को 500 से 600 रुपए प्रति क्विंटल धान बेचने में घाटा उठाना पड़ रहा है। सिंचाई व अन्य कृषि कार्य के लिए घाटा लगाकर धान बेचने को विवश हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।