ब्रह्मर्षि नगर में सड़क व नाले की दरकार, सफाई की हो व्यवस्था
शहर के ब्रह्मर्षि नगर के निवासी लंबे समय से सड़क, नाला, स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई की समस्याओं का सामना कर रहे हैं। सड़कें टूटने लगी हैं, और नाले में गड्ढे बन गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया...
शहर के स्टेशन से जानपुल चौक की ओर जानेवाले रास्ते में अवस्थित ब्रह्मर्षि नगर के लोगों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। इस इलाके में लंबे समय से रह रहे लोगों ने बताया कि वर्षों पहले बनी पक्की सड़क टूटने लगी है। नगर निगम के वार्ड 22 अंतर्गत शांतिपुरी मोहल्ले के ब्रह्मर्षि नगर की प्रमुख समस्या सड़क, नाला, स्ट्रीट लाईट व साफ-सफाई की है। ब्रह्मर्षि नगर में आधी सड़क पक्की व आधी कच्ची है। नाला भी आधी सड़क पर ही बना है। वह भी अब टूटने लगा है। नाला पर बड़ा होल बन गया है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ब्रह्मर्षि नगर के ज्ञानरंजन, नागेश्वर सिंह, पप्पू ठाकुर, कुंदन कुमार सिंह, मंटू सिंह, धीरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि गली की सड़क जानलेवा हो गयी है। मोहल्ले के प्रभात कुमार के घर के पास पीसीसी सड़क टूटने लगी है। दो फीट लंबा गड्ढा हो गया है। इससे हमेशा लोगों के इस नाला में गिरने की आशंका बनी रहती है। खासकर अनजान लाेगों के रात के अंधेरे में इस गड्ढें में गिरने का डर हमेशा बना रहता है। इस जगह पर स्लैब रखना बहुत जरूरी हो गया है। वर्षों पहले बनी सड़क भी अब कई जगह से टूटने लगी है। नगर निगम को इस पर ध्यान देना चाहिए। इस समस्या के समाधान को लेकर किसी तरह का कदम नहीं उठया जा रहा है। लोग शिकायत करके थक चुके हैं। मोहल्ले के सुरेश सिंह, राजीव रंजन, अमन राज, सुजीत कुमार, विक्की कुमार, आदर्श कुमार, मोहरलाल कुमार, शुभम कुमार आदि ने बताया कि स्टेशन चौक से जानपुल चौक की ओर जानेवाली सड़क से सटे इस ब्रह्मर्षि नगर की आधी सड़क कच्ची व ईंट की सोलिंग वाली है। बारिश के मौसम में इस सड़क पर काई जम गयी है। इससे सड़क पर फिसलन हो गयी है। अक्सर लोग सड़क पर गिरते रहते हैं। समीप में दो-तीन प्राइवेट स्कूल व रेलवे स्टेशन होने के कारण इस नगर में बड़ी संख्या में मकान मालिक के साथ किराएदार भी रहते हैं। अपने बच्चों की पढ़ाई व उनके बेहतर भविष्य का सपना संजोए लोग यहां किराये पर कमरा लेकर रहते हैं। मगर, यहां गांव से भी खराब सुविधा मिल रही है। लोगों का कहना है कि निगम को टैक्स तो देते हैं पर उस अनुरूप सुविधाएं नहीं मिल पाती। मोहल्ला के धीरेंद्र श्रीवास्तव, राजीव रंजन, सुरेश सिंह, मंटू सिंह, आशा देवी, पप्पू ठाकुर आदि ने बताया कि नगर निगम को लोगों की सुविधा से कोई मतलब नहीं है। करीब 30 साल से यहां रह रहे हैं। इतने दिन में ब्रह्मर्षि नगर व पास की गली के लोगों को एक बेहतर सड़क तक नसीब नहीं हो सकी है। आधी-अधूरी सड़क बनी भी तो गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा गया। यहां की सड़क व नाला टूटने लगा है। पास की गली में तो करीब 10-12 जगह नाला का स्लैब क्षतिग्रस्त हो चुका है। मोहल्ले की गली नंबर एक व दो के बीच मुख्य नाला को अधूरा छोड़ दिया गया है। मुख्य नाला खुला व कच्चा होने से पानी का दबाव बढ़ने या बारिश में ओवरफ्लो होकर मुख्य नाला का पानी मोहल्ले में बहने लगता है। मोहल्ले की खाली जगहों पर जलभराव हो गया है। गलियों में नाला जाम है। नाला के पानी की निकासी सही से नहीं हो पाती है। घर का नाला ओवरफ्लो होकर मोहल्ले की सड़क पर बहता रहता है। मोहल्ला में फॉगिंग कराना आवश्यक है।
प्रस्तुति : पराशर प्रभात / विजय कुमार सिंह
बोले जिम्मेदार
स्टेशन-जानपुल रोड अवस्थित ब्रह्मर्षि नगर में रहनेवाले लोगों की समस्या की जानकारी है। यहां की गलियों में सड़क व नाला के निर्माण का प्रस्ताव नगर निगम की अगली बैठक में रखा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके अलावा वार्ड की अनेक गलियों में पीसीसी सड़क व आरसीसी नाला प्रस्तावित है। तत्काल क्षतिग्रस्त स्लैब की जगह नया स्लैब रखा जाएगा। नियमित रूप से सफाई करायी जाती है। स्ट्रीट लाइट भी शीघ्र लगेगी।
-एहतेशामुल हक, पार्षद, वार्ड नंबर 22
सुझाव
1. नाला निकासी की व्यवस्था हो। इससे मोहल्ले में जलजमाव नहीं होगा। साथ ही नाला का पानी मुख्य रोड के नाला से कनेक्ट होगा।
2. गलियों में नाला के टूटे स्लैब का निर्माण किया जाए। इसकी मरम्मत होने से सड़क गिरने का डर नहीं रहेगा।
3. इलाके में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। लोगों को महामारी की आशंका सता रही है। कीटनाशक का छिड़काव कराना चाहिए।
4. मोहल्ले में नियमित रूप से कचरा उठाव की व्यवस्था की जाए। इससे मोहल्ले में सड़क किनारे कचरा जमा नहीं हो सकेगा।
5. गली में पीसीसी सड़क व आरसीसी नाला का निर्माण जरूरी है। लोगों को सुविधा होगी। आवारा पशुओं के प्रवेश पर रोक लगे।
शिकायतें
1. ब्रह्मर्षि नगर में मुख्य सड़क का नाला जाम है। इसके निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। पुरानी सड़क टूटने लगी है।
2. नाला निकासी नहीं होने से मोहल्ले में जलजमाव की स्थिति रहती है। नाला का स्लैब कई जगह क्षतिग्रस्त हो चुका है।
3. मोहल्ले में नियमित रूप से कचरा का उठाव नहीं होता है। इससे मोहल्ले में ही सड़क किनारे लोग कचरा जमा करते हैं।
4. मोहल्ले में कचरा उठाव का समय निर्धारित नहीं है। झाड़ू लगाने भी कर्मी समय से नहीं आते हैं। सड़क पर गंदगी पसरी रहती है।
5. मोहल्ले की सड़कों पर आवारा पशुओं का आतंक रहता है। गली की अधिकतर स्ट्रीट लाइट खराब हो चुकी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




