
बापूधाम रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का अभाव, शौचालय व यूरिनल की दिक्कत
मोतिहारी का बापूधाम रेलवे स्टेशन इन दिनों यात्री सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। शीतलहर के दौरान यात्रियों के लिए शेल्टर, शौचालय और यूरिनल की कमी है। प्लेटफॉर्म नंबर दो पर टिकट काउंटर न होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्री संगठनों ने रेलवे प्रशासन से बेहतर सुविधाओं की मांग की है।
मोतिहारी। बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन इन दिनों यात्री सुविधाओं के अभाव को लेकर चर्चा में है। एक ओर स्टेशन के पुनर्निर्माण का कार्य चल रहा है, तो दूसरी ओर बुनियादी सुविधाओं की कमी से रोजाना हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर ठंड के मौसम में यात्रियों के लिए न तो पर्याप्त शेल्टर की व्यवस्था है और न ही ठंड से बचाव के कोई ठोस इंतजाम हैं। स्टेशन परिसर में शौचालय और यूरिनल की संख्या बेहद कम है। प्लेटफॉर्म नंबर एक व दो पर एक-एक शौचालय है। प्लेटफॉर्म नंबर एक स्थित शौचालय (पे एंड यूज) में सीट व स्नानघर की कमी है।
शौचालय का दरवाजा भी क्षतिग्रस्त है। स्टेशन परिसर में यूरिनल की कमी है। इससे यात्रियों को बहुत परेशानी है। स्टेशन पर प्लेटफॉर्म के बाहर हर तरफ यात्री पेशाब करते दिखते रहते हैं। पिछले दिनों डीआरएम ने भी अपने निरीक्षण के दौरान इस पर चिंता जतायी थी। साथ ही निर्माण एजेंसी को अविलंब यूरिनल व नया शौचालय बनाने का निर्देश दिया था। कई बार तो यात्रियों को शौचालय खोजने के लिए प्लेटफॉर्म से बाहर या इधर-उधर भटकना पड़ता है। इससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को काफी दिक्कत होती है। भीड़ बढ़ने पर हालात और खराब हो जाते हैं, जिससे स्वच्छता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जब कोई प्रतियोगिता परीक्षा होती है तो परीक्षार्थियों को बहुत परेशानी होती है। यात्रियों की एक बड़ी समस्या प्लेटफॉर्म नंबर दो पर टिकट काउंटर का न होना भी है। इस प्लेटफॉर्म से ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को टिकट के लिए प्लेटफॉर्म नंबर एक पर जाना पड़ता है। इससे समय की बर्बादी के साथ-साथ ट्रेन छूटने का डर भी बना रहता है। पुनर्निर्माण कार्य के चलते प्लेटफॉर्म बदलने की स्थिति में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। हालांकि रेलवे प्रशासन स्टेशन के आधुनिकीकरण की बात कर रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक और अस्थायी व्यवस्थाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। यात्रियों का कहना है कि यदि पुनर्निर्माण के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो स्टेशन की बदहाली से राहत मिलना मुश्किल है। यात्री संगठनों और स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि ठंड से बचाव के लिए अस्थायी शेल्टर, पर्याप्त शौचालय-यूरिनल, साफ-सफाई और प्लेटफॉर्म नंबर दो पर टिकट काउंटर की व्यवस्था जल्द की जाए। ताकि पुनर्निर्माण के दौरान भी यात्रियों को सम्मानजनक और सुरक्षित सुविधाएं मिल सकें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




