Motihari News: बुजुर्ग की मौत के बाद फूटा गुस्सा
Motihari News: पताही के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 72 वर्षीय बैजू रावत की सीने में दर्द की शिकायत पर इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद प्रशासन ने मामले को शांत कराया।

Motihari News: पताही। प्रखंड स्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार अहले सुबह जमकर हंगामा हुआ। सीने में तेज दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे 72 वर्षीय बैजू रावत की इलाज के दौरान कुछ देर में मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों ने इलाज में लापरवाही व अस्पताल में ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं होने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इससे स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई। सूचना के बाद एसडीओ के आदेश पर आरओ व स्थानीय थानाध्यक्ष बबन कुमार मौके पर पहुंच कर परिजनों को समझा -बुझा कर मामले को शांत कराया। पताही निवासी बैजू राउत को रविवार सुबह अचानक सीने में तेज दर्द उठा।
परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पताही लेकर पहुंचे। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. उमेश प्रसाद की देखरेख में इलाज शुरू किया गया। अस्पताल कर्मियों ने प्राथमिक चिकित्सा देने का प्रयास किया, लेकिन करीब 10 से 15 मिनट के भीतर ही वृद्ध ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। आरोप है कि अस्पताल में ऑक्सीजन नहीं थी। इमरजेंसी (जेई) रूम में ताला बंद था। अगर अस्पताल में आक्सीजन होता और इमरजेंसी रूम का ताला खुला होता तो शायद बुजुर्ग की जान बच सकती थी। हंगामा की खबर पर पकड़ीदयाल एसडीओ मंगला कुमारी के आदेश पर आरओ अनिल कुमार मौके पर पहुंचे । साथ ही परिजनों को समझा बुझा कर मामला शांत कराया और वरीय पदाधिकारी को रिपोर्ट भेजने की बात कही। वहीं ड्यूटी पर तैनात डॉ उमेश प्रसाद ने बताया कि मरीज की स्थिति नाजुक थीं। रूम खोलने में वक़्त लगा और ऑक्सीजन भी जल्द खत्म हो गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


