
रक्सौल में हड़ताल से एक करोड़ से अधिक का व्यवसाय प्रभावित
27 जनवरी को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर बैंकों की हड़ताल ने रक्सौल में व्यापार और उपभोक्ताओं को गंभीर रूप से प्रभावित किया। बैंक बंद होने से भारत-नेपाल व्यापार ठप हो गया, और एटीएम में नकदी की कमी से लोग परेशान रहे। हड़ताल के कारण व्यवसाय को एक करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ।
रक्सौल,एक संवाददाता। 27 जनवरी को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर राष्ट्रव्यापी हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला। सभी बैंकों के गेट पर बिग स्ट्राइक ऑफ बैंक इम्प्लाइज आल बैंक रिमेन क्लोज्ड की सूचना चस्पा रही। इस बंदी के कारण स्थानीय उपभोक्ताओं के साथ-साथ सीमावर्ती देश नेपाल से आए लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हड़ताल का सबसे गंभीर प्रभाव भारत-नेपाल के द्विपक्षीय आयात-निर्यात व्यापार पर पड़ा, क्योंकि चालान और आवश्यक भुगतानों का निपटारा नहीं हो सका। इसके अतिरिक्त रजिस्ट्री कार्यालय में भूमि निबंधन का कार्य भी बैंकिंग ठप्प होने से प्रभावित रहा। व्यवसायी विटू कुमार, कन्हैया कुमार, विक्रम गुप्ता आदि ने बताया कि ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से छोटी खरीदारी और बिल भुगतान जैसे कार्य जारी रहे, लेकिन नकदी पर निर्भर लोगों के लिए मुश्किलें कम नहीं हुईं।
महीने के अंतिम सप्ताह में हड़ताल होने से सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों के कर्मियों में वेतन मिलने में देरी की आशंका गहरा गई है। लगातार अवकाश और नकदी की रिफिलिंग न होने के कारण शहर के अधिकांश एटीएम भी खाली नजर आए, जिससे लोग एक एटीएम से दूसरे एटीएम तक भटकते दिखे। रक्सौल चैम्बर ऑफ कॉमर्स के सचिव राजकुमार गुप्ता ने बताया कि हड़ताल के कारण एक करोड़ से अधिक का व्यवसाय रक्सौल में प्रभावित रहा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




