Hindi NewsBihar NewsMotihari NewsNaked Body of Unknown Middle-Aged Man Found Hanging from Tree in Har Siddhi
पेड़ से लटका मिला अधेड़ का नग्न शव, हत्या की आशंका

पेड़ से लटका मिला अधेड़ का नग्न शव, हत्या की आशंका

संक्षेप:

गायघाट पंचायत के धनकी टोला सरेह में तिलका के पेड़ से एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का नग्न शव मिला। शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक का हुलिया साधु जैसा था, और हत्या या आत्महत्या के पहलुओं पर जांच जारी है।

Dec 19, 2025 12:26 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मोतिहारी
share Share
Follow Us on

हरसिद्धि, एक संवाददाता। हरसिद्धि थाना क्षेत्र के गायघाट पंचायत अंतर्गत धनकी टोला सरेह में गुरुवार की सुबह तिलका के पेड़ से एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का नग्न शव लटका हुआ मिला। शव देखे जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना हरसिद्धि थाने को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सर्वेन्द्र कुमार सिन्हा, दारोगा अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में ले लिया।

इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष सर्वेन्द्र कुमार सिन्हा ने बताया कि मृतक का हुलिया साधु के वेश जैसा प्रतीत हो रहा है। उसकी दाढ़ी काफी बढ़ी हुई थी और शरीर पर किसी प्रकार का वस्त्र नहीं था। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। जिस तरह से शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया है, उससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या कर साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटका दिया गया हो। हालांकि, पुलिस आत्महत्या के पहलू को भी पूरी तरह से नकार नहीं रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। इसके लिए नजदीकी थानों को भी सूचना भेजी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;