Motihari News: अज्ञात बुजुर्ग का शव बरामद, शिनाख्त के प्रयास में जुटी पुलिस
Motihari News: अरेराज बस स्टैंड के पास एक शेड से पुलिस ने एक अज्ञात वृद्ध व्यक्ति का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान करने की कोशिश जारी है, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस जांच कर रही है कि मृतक के साथ एक वृद्ध महिला का संबंध क्या था, जिसने उसे अकेला छोड़ दिया।

Motihari News: अरेराज,निज प्रतिनिधि। अरेराज बस स्टैंड के समीप बने एक शेड से पुलिस ने एक अज्ञात वृद्ध व्यक्ति का शव बरामद किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने का पुरजोर प्रयास कर रही है, हालांकि अब तक इसमें सफलता नहीं मिल सकी है। अरेराज थाना के अपर थानाध्यक्ष सुबोध रंजन ने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शेड में उक्त वृद्ध व्यक्ति के साथ एक वृद्ध महिला भी देखी गई थी। वह महिला बुजुर्ग व्यक्ति को वहीं अकेले छोड़कर कहीं चली गई।
महिला के जाने के कुछ ही घंटों के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में उस वृद्ध व्यक्ति की मौत हो गई।पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वह महिला कौन थी और बुजुर्ग के साथ उसका क्या संबंध था। पुलिस ने आस-पास के थानों को भी सूचित कर दिया है ताकि हुलिए के आधार पर मृतक की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि यदि इस संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत अरेराज पुलिस को सूचित करें।


