Motihari News: रामगढ़वा में गला घोंटकर युवक की हत्या, सड़क किनारे मिला शव
Motihari News: रामगढ़वा में 18 वर्षीय आइसक्रीम विक्रेता गुड्डू कुमार की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। वह सोमवार रात सामान खरीदने निकला था और मंगलवार सुबह उसका शव मिला। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है और एक दंपती को हिरासत में लिया है। यह मामला इलाके में सनसनी का कारण बन गया है।

Motihari News: रामगढ़वा (पू.च.), एक संवाददाता। थाना क्षेत्र के रामगढ़वा बाजार स्थित कोठी रोड में 18 वर्षीय आइसक्रीम विक्रेता गुड्डू कुमार की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। सोमवार रात सामान खरीदने घर से निकला गुड्डू वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह घर से महज 200 कदम दूर कच्ची सड़क के किनारे उसका शव मिला। उसके गले पर काले रंग का रस्सी जैसा निशान मिला है। इससे रस्सी से गला कसकर हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस ने परिजनों की निशानदेही पर एक दंपती को हिरासत में लिया है। एएसपी प्रीतेश कुमार और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं।
मृतक की मां चिंता देवी ने बताया कि गुड्डू सोमवार रात बाजार से कुछ सामान खरीदने निकला था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की। हालांकि, उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने कच्ची सड़क के किनारे उसका शव देखा। इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गुड्डू रामगढ़वा बाजार के कोठी रोड का रहने वाला था।


