Motihari News: एस.एन.एस. विद्यापीठ मोतिहारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित
Motihari News: एस.एन.एस. विद्यापीठ मोतिहारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में 2026-29 और 2026-28 (लेटरल एंट्री) सत्र के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित हुआ। प्रभारी प्राचार्य, निदेशक और अध्यक्ष ने विद्यार्थियों का स्वागत किया और तकनीकी शिक्षा, अनुशासन, नियमित उपस्थिति, कौशल विकास तथा मेहनत के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षाओं, प्रयोगशालाओं, करियर और प्लेसमेंट संबंधी जानकारी भी दी गई।

नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम
Motihari News:
मोतिहारी, निप्र। एस.एन.एस. विद्यापीठ मोतिहारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-29 व 2026-28 (लेटरल एंट्री) के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत व मार्गदर्शन के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नए विद्यार्थियों को कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण, संस्थान की कार्यप्रणाली, अनुशासन, नियमों व तकनीकी शिक्षा के महत्व से परिचित कराना था, ताकि वे अपने नए शैक्षणिक जीवन की शुरुआत आत्मविश्वास व सकारात्मक सोच के साथ कर सकें। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य इं सौरभ राज ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पॉलिटेक्निक की शिक्षा विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल, अनुशासन, जिम्मेदारी और आत्मनिर्भरता विकसित करने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, प्रयोगशालाओं में सक्रिय भागीदारी करने, शिक्षकों के मार्गदर्शन का लाभ उठाने तथा कॉलेज के नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, समयबद्धता और निरंतर सीखने की इच्छा ही उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव है। कॉलेज के निदेशक सुमन कुमार द्विवेदी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल डिप्लोमा की डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को एक कुशल, योग्य एवं रोजगारोन्मुख तकनीकी पेशेवर के रूप में तैयार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, टीम भावना और नैतिक मूल्यों पर भी ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने लक्ष्य निर्धारित करें और शिक्षकों के सहयोग से उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करें। इस अवसर पर कॉलेज के अध्यक्ष (चेयरमैन) आलोक शर्मा ने भी नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए अपना शुभकामना संदेश दिया। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और भविष्य में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता एवं शिक्षकों के विश्वास पर खरा उतरने, अनुशासन बनाए रखने और मेहनत के बल पर संस्थान तथा अपने परिवार का नाम रोशन करने की अपील की। ओरिएंटेशन कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को कॉलेज के विभिन्न नियमों, शैक्षणिक गतिविधियों, उपस्थिति, परीक्षा प्रणाली, प्रयोगशाला कार्य, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों , करियर व प्लेसमेंट से जुड़ी संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में नए विद्यार्थियों को कॉलेज के वातावरण से परिचित होने और शिक्षकों एवं संस्थान के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ। संस्थान ने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके सफल, अनुशासित व उपलब्धियों से परिपूर्ण शैक्षणिक जीवन की कामना की।

