
जूनागढ़ महल की तर्ज पर बलुआ चौक पर तैयार हो रहा पूजा पंडाल
मोतिहारी में बलुआ चौक पर शारदीय नवरात्र के दौरान राजस्थान के जूनागढ़ महल की तर्ज पर विशाल पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है। 1968 से यहां माता दुर्गा की पूजा की जा रही है और यह आयोजन इस वर्ष 58वां है।...
मोतिहारी,मोतिहारी संवाददाता। आगामी शारदीय नवरात्र अवधि में बलुआ चौक स्थित पूजा पंडाल में भक्तों को राजस्थान के जूनागढ महल की तर्ज पर तैयार विशाल पूजा पंडाल देखने को मिलेगा। इसके लिए आवश्यक तैयारियों को पूरा किया जा रहा है। पूजा पंडाल को नगर के कुशल कारीगर तथा माता की प्रतिमा को मुजफ्फरपुर के मूर्तिकार रामाशीष पंडित तैयार कर रहे हैं। इस वर्ष है 58वां आयोजन: दुर्गा पूजा समिति के सचिव अमिताभ भार्गव बताते हैं कि बलुआ चौक पर माता दुर्गा सहित अन्य देवताओं की पूजा की शुरुआत स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से 1968 से हुई थी। तभी से प्रत्येक वर्ष बलुआ चौक पर माता की पूजा का आयोजन किया जाता रहा है।
इस वर्ष 58वाँ आयोजन है। पूजा पंडाल में होती है भक्तों की भीड़ : उन्होंने बताया कि बलुआ चौक पूजा पंडाल में माता दुर्गा सहित सभी देवताओं की प्रतिमा भक्तों के आकर्षण का केंद्र बनी रहती हैं। जिस प्रकार माता की प्रतिमा यहाँ बनती है,उस प्रकार कहीं नहीं बनती । शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े होने के कारण शारदीय नवरात्र में माता सहित अन्य देव-प्रतिमाओं के दर्शन- पूजन के लिए भक्तों की भारी भीड़ सप्तमी से दशमी तिथि तक लगी रहती है। यहां माता का दर्शन व पूजन करने के लिए दूर-दूर से भक्त आते रहते हैं। सुबह से देर शाम तक भक्तों के आने का सिलसिला जारी रहता है। सप्तशती के पाठ से आसपास का वातावरण पूरा भक्ति मय बन जाता है।पूरे नवरात्र अवधि में यहाँ मेला चलता रहता है।अष्टमी तिथि को सबसे अधिक नारियल इसी पूजा पंडाल में चढ़ता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




