जागरूकता रैली व कैंडल मार्च निकाल दिया मतदान का संदेश
संक्षेप: मोतिहारी में अभिनेता क्रांति प्रकाश ने मतदान के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे 11 नवंबर को होने वाले बिहार विधानसभा निर्वाचन में सक्रिय भाग लें। रैली में महिलाओं ने भी भाग लिया और मतदाता जागरूकता शपथ ली। मतदान केंद्रों पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
मोतिहारी, हिप्र.। स्टेट स्वीप आइकॉन बनाए गए मशहूर सिने अभिनेता क्रांति प्रकाश ने मंगलवार को विविध जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लिये। उन्होंने कहा कि संपूर्ण जिला के मतदाताओं से अपील है कि लोकतंत्र के महापर्व में लोग अपनी भूमिका निभाएं। जिस तरह से लोक आस्था के महापर्व छठ पर लोगों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर इस पर्व को महान बनाया है। 11 नवंबर को होने वाले बिहार विधानसभा निर्वाचन में अपना मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व को भी सफल बनाएंगे। उन्होंने कहा कि यह अवसर पांच वर्ष में एक बार मिलता है। आपका एक-एक मत बहुत ही महत्वपूर्ण है। आप देश के नागरिक हैं।

आपको मताधिकार का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है। आप अपने इस अधिकार का उपयोग करें एवं अपने घरों से निकलकर अपने मतदान केंद्र जाएं । अपना मतदान करें। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं कराई गई हैं। मतदान केंद्र को मतदाता फ्रेंडली बनाया गया है। आप अपने मोबाइल के साथ भी मतदान केंद्र जा सकते हैं जहां पर मोबाइल तक रखने की व्यवस्था कराई जा रही है। आईसीडीएस विभाग की ओर से समाहरणालय परिसर से मतदाता जागरूकता रैली सह कैंडल मार्च निकाला गया। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। रैली को श्री क्रांति प्रकाश व उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार ने हरी झंडी दिखाई । इस अवसर पर क्रांति प्रकाश , उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार,वरीय उप समाहर्ता निधि, डीपीओ आईसीडीएस सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी ने इसमें भाग लिया। इस अवसर पर लोगों को मतदाता जागरूकता शपथ दिलाई गई। गगनचुंबी नारे के साथ लोगों ने पहले मतदान फिर जलपान वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरुर डालेंगे हम के साथ कैंडल मार्च निकाला। रैली समाहरणालय से निकलकर कचहरी चौक होते हुए बलुआ की ओर गया और रास्ते में मतदाताओं को रैली के माध्यम से जागरूक करने का कार्य किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




