Motihari News: मोतिहारी को मेडिकल कॉलेज चीनी मिल व केवि की सौगात
Motihari News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मोतिहारी में बापूधाम महोत्सव के उद्घाटन के दौरान 284.99 करोड़ रुपये की 145 योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। इस मौके पर मेडिकल कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय, मरीन ड्राइव, आदि की घोषणाएं हुईं। विभिन्न सहायता राशियों का वितरण भी किया गया।

Motihari News: मोतिहारी, निप्र। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मोतिहारी में मंगलवार को बापूधाम महोत्सव के उद्घाटन के दौरान पूर्वी चंपारण के विकास के लिए 284.99 करोड़ रुपये की 145 योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। उन्होंने बरियारपुर में इसी वर्ष मेडिकल कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय बनाने की घोषणा की। मोतीझील किनारे रोईंग क्लब से अगरवा तक मरीन ड्राइव, 20 करोड़ की लागत से अटल कला भवन और चीनी मिल खोलने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही। मत्स्य समृद्धि क्लस्टर, फिश प्रोसेसिंग प्लांट और हेलीकॉप्टर सेवा की भी घोषणा हुई। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मोतिहारी में बड़े तारामंडल की घोषणा की। इससे पहले सीएम ने एक से तीन सितंबर तक चलनेवाले बापूधाम महोत्सव का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इसके साथ ही कृषि, पशुपालन व मात्स्यिकी उद्यमी उन्नति मेले का भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने गांधी मैदान में आयोजित एआई आधारित ‘सहयोग’ शिविर के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और आम लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को 30 दिनों के भीतर आवेदनों का अनिवार्य रूप से निष्पादन करने का निर्देश दिया। इस दौरान सुयोग्य लाभुकों को बासगीत पर्चा, दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल तथा 9,214 जीविका स्वयं सहायता समूहों को 211 करोड़ रुपये की बैंक लिंकेज सहायता राशि प्रदान की गई।
मेडिकल कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय खोलने की घोषणा
बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज व केंद्रीय विद्यालय खुलेगा : मुख्यमंत्री ने कहा कि मोतिहारी के बरियारपुर में हवाई अड्डे के पास इसी वर्ष नए मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले केंद्रीय विद्यालय पीपराकोठी में खोले जाने की बात थी, लेकिन सांसद राधा मोहन सिंह की मांग पर अब इसे बरियारपुर में खोला जाएगा। एलएनडी कॉलेज में 2.82 करोड़ और एमएस कॉलेज में 25 करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम व खेल संरचनाओं का विकास किया जाएगा।
चीनी मिल और अन्य घोषणाएं
सीएम ने मोतिहारी में चीनी मिल शुरू करने की दिशा में शीघ्र कार्य शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने मोतिहारी में मदर डेयरी से भी बड़ा प्लांट तथा तेतरिया के कोठिया में एक्वाकल्चर पार्क स्थापित करने की बात कही।


