शहर के सौंदर्यीकरण को सड़क किनारे लगे पेवर ब्लाॅक पर अतिक्रमण, राहगीर परेशान

Jan 01, 2026 05:28 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मोतिहारी
share Share
Follow Us on

नगर निगम क्षेत्र में सड़कों के किनारे पेवर ब्लॉक लगाने का काम चल रहा है। हालांकि, अवैध कब्जा बढ़ रहा है जिससे पैदल यात्रियों को कठिनाई हो रही है। प्रशासन की चुप्पी से समस्या बढ़ रही है। नागरिकों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की ठोस कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि सड़कें और फुटपाथ सुरक्षित रह सकें।

शहर के सौंदर्यीकरण को सड़क किनारे लगे पेवर ब्लाॅक पर अतिक्रमण, राहगीर परेशान

नगर निगम क्षेत्र के सड़कों के किनारे पेवर ब्लॉक लगाने का अभियान चल रहा है। नगर निगम की बोर्ड की बैठक में हुये निर्णय के बाद कार्य को चालू किया गया है। सड़कें चौड़ी भी हो रही हैं। पेवर ब्लॉक सुन्दरता भी बढ़ा रही है, लेकिन पीछे से अवैध कब्जा भी धड़ल्ले से हो रहा है। अवैध कब्जा नहीं हो इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाये जा रहे हैं। पूरा महकमा चुप है। इसमें पैदल यात्रियों को सड़क पर चलने का कोई जगह नहीं है। पैदल यात्रियों का फुटपाथ कब्जा हो रहा तो सड़क पर चलने की कोशिश कर रहे हैं तो हादसा के शिकार हो रहे हैं।

बुजुर्ग, महिलाएं , दिव्यांग व बच्चों को कठिनाई हो रही है। नौशाद कुरैशी ने कहा कि छतौनी से जानपुल चौक तक पेवर ब्लॉक अभी लगाने का काम चल रहा है। आगे पेवर ब्लॉक लग रहा है और पीछे से दुकानदार अपना सामान उस पर फैला देते हैं। यह दुकानदारों की सुविधा के लिए लगाये जा रहे हैं या पैदल यात्रियों को चलने के लिये यह समझ से परे है। प्रशासन की चुप्पी से आगे और कठिनाई होगी। हिमांशु पाठक का कहना है कि बढ़ती आबादी को लेकर सड़क पर दबाव बढ़ा है, उसमें भी फुटपाथ पर कब्जा जमा देने पर बस स्टैंड में उतर कर शहर में पैदल जाने वाले कहां चलेंगे। सौंदर्यीकरण का मतलब यह नहीं कि सार्वजनिक सड़क को ही छोटी कर दी जाये। डॉ धीरज रंजन ने कहा कि नगर थाने के सामने सड़क किनारे जो पेवर ब्लॉक लगाये गये हैं, उस पर स्थायी तौर पर ठेलावालों ने कब्जा जमा लिया है। नगर थाने का गेट हो या उसके सामने वाली सड़क हो उस पर दुकानें सजती हैं। इसी पथ पर चरखा पार्क तक यहीं स्थिति है। पेवर ब्लॉक को जिन लोगों ने अतिक्रमण किया है उसे खाली कराया जाना चाहिए। जैकर रहमान, मनोरंजन सिंह, मनोज राय ने बताया कि सदर अस्पताल का जो मेन गेट वहां के पेवर ब्लॉक पर इस तरह कब्जा जमाया गया है कि ग्रामीण इलाके के पीएचसी से सदर अस्पताल में आने वाले एम्बुलेंस को भी मोड़ने में परेशानी होती है। सदर अस्पताल के गेट पर उसे कुछ देर रुकना ही होगा। ठेला खोमचे व ईरिक्शा वाले जाम किये रहते हैं। जबकि वहां ट्रैफिक पुलिस भी रहती है। अजय कुमार, अशोक कुमार ने बताया कि जिला स्कूल का जो नया सरस्वती द्वार बना है उसके सामने पेवर ब्लॉक पर वाशिंग पिट व मछली की दुकान चलती है। अवैध कब्जा करने वालों को यह सुविधा हो रही है कि पेवर ब्लॉक से कीचड़ नहीं हो रहा है। आप पैदल राहगीर हैं तो चल नहीं सकते हैं। रवि कुमार ने कहा कि नगर निगम व प्रशासन की ओर से सख्ती के साथ कम से कम सड़क किनारे जो पेवर ब्लॉक लगाये गये हैं उसे खाली कराया जाना चाहिए। सरकार की राशि तो खर्च हो रहे हैं लेकिन आमजनों को इससे कोई लाभ नहीं हो रहा है। फुटपाथ पर अवैध कब्जा करने पर जुर्माना वसूलने व केस करने की कार्रवाई जब तक नहीं होगी, यह चूहा-बिल्ली का खेल चलता रहेगा। अतिक्रमण हटाओ अभियान चलेगा और पीछे से वे फिर से जम जाएंगे। अक्षय यादव का कहना है कि शहर की हृदयस्थली गांधी चौक के आसपास पेवर ब्लॉक लगा दिये गये। मीट मछली वाले अपना गैस भट्ठी व कड़ाही पेवर ब्लॉक पर ही रखते हैं। उनके ग्राहक सड़क पर अपनी बाइक लगाते हैं। कोई रोकने व टोकने वाला नहीं है। शहर को फुटपाथ पर कब्जा जमाने का मनमानी चल रहा है।

प्रस्तुति : राकेश रंजन, विजय कुमार सिंह

बोले जिम्मेदार

सड़क किनारे पेवर ब्लॉक लगाकर जो फुटपाथ बनाये जा रहे हैं वह पैदल यात्रियों की सुविधा के लिये हैं। सड़क पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिये सड़क की चौड़ाई भी बढ़ाई जा रही है। उस पर अवैध ढंग से कब्जा करना कहीं से उचित नहीं है। उसको खाली रखना है। सभी के हित में हैं। इसकी जांच करायी जायेगी। पेवर ब्लॉक पर अवैध कब्जा करने वालों को चिन्हित किया जायेगा। चिन्हित लोगों पर कार्रवाई की जायेगी। निशांत सिहोरा, नगर आयुक्त, नगर निगम मोतिहारी।

सुझाव

1. छतौनी से जानपुल तक अभी पेवर ब्लॉक लगाने का काम चल रहा है। पीछे से उस पर कब्जा नहीं हो देखना होगा।

2. नगर थाना व मंगल सेमिनरी कॉलेज की पहचान को जिन लोग मिटा रहे है उस पर सख्ती से कार्रवाई कर हटाना चाहिए।

3. सबसे आवश्यक है सदर अस्पताल के मुख्य गेट को खाली कराना जहां देहात से आने वाले एम्बुलेंस सेवा प्रभावित होती है।

4. अनुमंडल व नगर निगम की बैठक में यह तय होना चाहिए कि पेवर ब्लॉक पर जिनका अतिक्रमण है उससे जुर्माना वसूल करें।

5. अतिक्रमण हटाने के बाद प्रशासन की ओर से एक निगरानी टीम बने जो उस स्थानों पर बराबर नजर रखें।

शिकायतें

1. शहर की सड़कों पर पेवर ब्लॉक लगाये जा रहे है और पीछे से अवैध कब्जा हो रहा है उस पर ध्यान नहीं दिया जाता।

2. नगर थाना व शिक्षण संस्थान को ठेला खोमचे से अवैध कब्जा कर ढक दिया गया है। उस पर सख्ती से कार्रवाई नहीं होती है।

3. सदर अस्पताल से एम्बुलेंस निकलने में गेट से परेशानी होती है। वहां पेवर ब्लॉक पर सजायी दुकानें स्थायी तौर पर नहीं हटता।

4. नगर निगम की बोर्ड की बैठक में यह कभी तय नहीं हुआ कि सड़क किनारे जिन लोगों ने अवैध कब्जा किया उसे हटाया जाये।

5. दस वर्षो से यदा-कदा अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाता है। उजाड़ होता है लेकिन अब तक एक फीट भी पीछे नहीं हटे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।