रिपुराज एग्रो ने किया 2992करोड़ के निवेश का एमओयू
मोतिहारी में बिजनेस कनेक्ट के दौरान रिपुराज एग्रो प्राइवेट लिमिटेड और बिहार सरकार के बीच समझौता हुआ। इस परियोजना में 2992 करोड़ रुपये का निवेश होगा और इसमें चावल मिल, खाद्य तेल, बायोमास, वेयरहाउस और...

मोतिहारी। पटना के ज्ञान भवन में आयोजित बिजनेस कनेक्ट दौरान रिपुराज एग्रो प्राइवेट लिमिटेड व बिहार सरकार के बीच समझौता हुआ। बिहार सरकार के उद्योग विभाग की सचिव आइएएस बंदना प्रेयसी व रिपुराज एग्रो प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रिपु रमन के बीच एमओयू किया गया। रिपुराज एग्रो प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रिपु रमन ने बताया कि यह परियोजना न केवल कृषि क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी, बल्कि बिहार को एक अग्रणी कृषि पारिस्थितिकी तंत्र के रूप में स्थापित करने में भी सहायक होगी। वहीं रिपुराज एग्रो प्राइवेट लिमिटेड के चीफ अकाउंटेंट मुकेश कुमार रंजन ने बताया कि इस समझौते के तहत, रिपुराज एग्रो प्राइवेट लिमिटेड की ओर से पूर्वी चंपारण जिले के अमोडेई में 2992 करोड़ रुपये के निवेश से चावल मिल, खाद्य तेल, बायोमास, वेयरहाउस व एथनॉल संयंत्र की स्थापना की जाएगी। इस परियोजना के पहले चरण की शुरुआत हो चुकी है और इसे अगले तीन से चार वर्षों में पूर्ण कर लिया जाएगा। 2725 लोगों को रोजगार मिल सकेगा। यह परियोजना बिहार के आर्थिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी और कृषि क्षेत्र को नई दिशा प्रदान करेगी। उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा की उपस्थिति में बिहार बिजनेस कनेक्ट समिट में यह करार संपन्न हुआ। कहा कि यह समझौता बिहार में कृषि क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उत्पादन प्रारंभ का वर्ष 2027-28 है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




