सड़क किनारे बिजली पोल से हादसों का खतरा बढ़ा, पहुंचपथ की दरकार
छोटा बरियारपुर में एनएच के पुल के समीप सर्विस रोड पर लगातार हादसे हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने बिजली के पोल और गड्ढे को हटाने की मांग की है। कई बार प्रशासन को शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सड़क चौड़ीकरण और गड्ढे की भराई की आवश्यकता है ताकि हादसों पर रोक लग सके।
छोटा बरियारपुर में एनएच के पुल के समीप एक मार्केट है। उस पुल के नीचे दो तरफ से सर्विस रोड गुजरता है। दोनों सर्विस रोड में दो बिजली का पोल है जो सड़क के किनारे है। पोल के समीप गड्ढा बना है उसके सटे सड़क है। हर रोज वहां हादसा होता है। ईरिक्शा व बाइक सवार रोज हादसों के शिकार हो रहे हैं। शनिवार को एक कार सवार की पोल में सीधे टक्कर हो गयी। नई कार चकनाचूर हो गयी। स्थानीय दुकानदार लालबाबू पाल ने बताया कि हर रोज ई-रिक्शा पलट जाता है। सवार को जख्मी हालत में अस्पताल भेजा जाता है।
नगर प्रशासन को कई बार इसकी सूचना दी गयी कि बिजली पोल यहां हटा दिया जाये। सड़क किनारे गड्ढा वह भी जानलेवा बना है। उसमें भी मिट्टी भराई आवश्यक है। अरुण कुमार ने बताया कि सर्विस लेन दो निकाले गये हैं। उसमें भी चौड़ाई कम है। दोनों तरफ से कोई बड़ी गाड़ी आमने सामने होती है तो उसे निकलने में परेशानी होती है। इस बीच वह गड्ढा में फंस सकता है। दोनों सर्विस लेन की चौड़ाई आवश्यक है। सुनील कुमार राम ने कहा कि छतौनी से बाइपास से पहले शहर में प्रवेश का मुख्य मार्ग है। ऑटो चालक छतौनी से यात्रियों को बैठाने के बाद इसी रास्ते से कचहरी चौक पहुंचते हैं। थोड़ी असावधानी होने पर बिजली पोल के समीप पलट जाता है। अजय कुमार ने कहा कि एनएच जाम रहने पर यहीं सर्विस लेन विकल्प के रूप में काम करता है। इस सड़क पर काफी दबाव है। इसका चौड़ीकरण जरूरी है। ट्रैफिक लोड बढ़ने पर सड़क पतली रहने से हादसा होता है। कोई ऐसा दिन नहीं है कि बाइक सवार या ऑटो नहीं पलटता हो। इस पर प्रशासन को ध्यान देना चाहिए। ओम गुप्ता ने बताया कि यहां पर व्यवसाय करने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से प्रतिनिधि मंडल जिला प्रशासन व नगर प्रशासन से मिलकर यहां की समस्याओं से अवगत करायेगा। सड़क चौड़ीकरण व बिजली पोल हटाने की जरुरत है। जवाहर प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि सर्विस रोड के सटे एनएच पर पुल उंचीकरण कर बनाया गया है। पहुंच पथ के बगल में पत्थर नहीं डाला गया जिससे गर्मी के दिनों धूल व बरसात के दिनों में मिट्टी बहकर सर्विस रोड पर चला आता है। सर्विस रोड पर मिट्टी होने से फिसलन बन जाता है। बाइक सवार फिसलन से हादसा के शिकार होते हैं। रोहित कुमार ने कहा कि उनकी दुकानदारी है। दिन भर हादसा को देखकर मन विचलित हो जाता है। प्रशासन को इस पर ठोस कदम उठाना चाहिए। गड्ढे में मिट्टी भराई से सड़क चौड़ीकरण हो जायेगी। गुजरने वाले लोगों को इससे लाभ होगा। सरफराज आलम अपनी गाड़ी का सामान लेने आये थे। उनका कहना है कि इस मार्केट में सामान खरीदने आने पर डर लगता है। सर्विस रोड पतला होने से सड़क से गुजरने में भय लगता है। बिजली पोल हटाना आवश्यक है। मोहम्मद नैमुद्दीन ने बताया कि कचहरी से छतौनी जाने के लिये ईरिक्शा वालों का यह मुख्य मार्ग है। काफी संख्या में सवारी लेकर ईरिक्शा से रास्ते से गुजरता है। सड़के पतली व फुटपाथ पर बने गड्ढे से हादसा होता रहता है। फुटपाथ पर मिट्टी भराई व ईंट सोलिंग का होना आवश्यक है। मोहम्मद कमरुद्दीन ने बताया कि सर्विस रोड के किनारे कई बड़े वाहन जैसे लोडेड ट्रक को खड़ा कर दिया जाता है।
प्रस्तुति : राकेश रंजन, विजय कुमार सिंह
बोले जिम्मेदार
नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत छोटा बरियापुर मोहल्ले में बालू मंडी व मार्केट के समीप सर्विस लेन के चौराहे पर बराबर हो रहे हादसाें की जांच करायी जाएगी। दोनों पोल को चौराहे से हटाने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। नगर निगम के कर्मचारियों को भेजकर गड्ढे की भराई करा दी जाएगी। सड़क के चौड़ीकरण व फुटपाथ को बनाने के लिए निगम की अगली बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा। पहुंच पथ पर पत्थर लगाने को लेकर भी बात होगी।
- डॉ. लालबाबू प्रसाद, डिप्टी मेयर, नगर निगम, मोतिहारी
सुझाव
1. बालू मंडी व उसके सटे मार्केट के सामने सर्विस रोड को चौड़ा करने की जरुरत है। इससे हादस पर रोक लगाया जा सकता है।
2. एनएच पर बने पुल के पहुंच पथ के सपोर्ट में पत्थर लग जाने से बरसात के दिनों में मिट्टी सर्विस रोड पर फिसलन नहीं करेगा।
3. सर्विस रोड के चौराहे पर दोनों किनारे बिजली पोल हटा देने पर सड़क हादसा कम होगा। ईरिक्शा पलटने की घटना नहीं होगी।
4. नगर प्रशासन व बिजली विभाग को इस दिशा में ठोस कदम उठाने की जरुरत है। हादसा से वहां के लोगों की परेशानी बढ़ी है।
5. एनएच के बगल में बालू मंडी होते हुये हवाईअड्डा तक जाने वाली सड़क की चौड़ीकरण व फुटपाथ बनाना सख्ती जरुरी है।
शिकायतें
1. छोटा बरियारपुर बालू मंडी व मार्केट के समीप सड़क चौड़ीकरण नहीं होने से बराबर वहां सड़क हादसा होता है।
2. पुल के पहुंच पथ के बगल में पत्थर नहीं लगाये जाने से बरसात के दिनों में मिट्टी बहकर सड़क पर फिसलन कर देता है।
3. बिजली का पोल दोनों सर्विस रोड में सड़क किनारे होने से बाइक सवार व ई-रिक्शा बराबर पलटता है। यात्री जख्मी होते हैं।
4. नगर प्रशासन व जिला प्रशासन से बिजली पोल हटाने व गड्ढा भरने के लिये कई बार शिकायत की गयी। सुनवाई नहीं हुई।
5. एनएच से बालू मंडी होते हुए हवाईअड्डा की ओर जाने वाली सड़क किनारे फुटपाथ नहीं बनने से बराबर हादसा होता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




