रघुनाथपुर में धनवती नदी किनारे मिला वृद्ध का शव
तुरकौलिया के लक्ष्मीपुर भीमा घाट के पास एक वृद्ध व्यक्ति कन्हैया पांडेय का शव मिला। वह अपनी बेटी के ससुराल जाने के लिए निकले थे, लेकिन उनकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

तुरकौलिया। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर भीमा घाट, धनौती नदी किनारे उस समय हड़कंप मच गया जब सड़क किनारे एक वृद्ध व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सोमवार को ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान गोविंदगंज थाना क्षेत्र के लौरिया निवासी 65 वर्षीय कन्हैया पांडेय के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही परिजन भी सदर अस्पताल पहुंच गए। परिजनों के अनुसार, कन्हैया पांडेय सोमवार सुबह अपनी इकलौती बेटी के ससुराल मजूराहा जाने के लिए टेंपू से निकले थे, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उनका शव मिलने की खबर आई।
परिवार वालों ने आशंका जताई है कि उनकी हत्या कहीं और कर शव को नदी किनारे फेंका गया है। मृतक के पड़ोसी व समाजसेवी राजू पांडेय ने बताया कि कन्हैया पांडेय की एक ही बेटी चांदनी कुमारी है और उनका दामाद बिहार पुलिस में राजगीर में तैनात है। उन्होंने भी इसे सुनियोजित साजिश के तहत की गई हत्या बताया है। वहीं, रघुनाथपुर थाना अध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले की गहन जांच की जा रही है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


