पंचतत्व में विलीन हुए मृत सीआरपीएफ जवान विवेक
रामगढ़वा निप्र। सीआरपीएफ बरही कोडरमा के203 बटालियन के मृत जवान विवेक सिंह गुरुवार...

रामगढ़वा निप्र।
सीआरपीएफ बरही कोडरमा के203 बटालियन के मृत जवान विवेक सिंह गुरुवार को नन्दलाली सरेह स्थित श्मशान घाट पर पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके शव यात्रा में जनसमूह उमड़ पड़ा। देशभक्ति गीतों के बीच उनके फूलों से सजे रथ की अगुआई सीआरपीएफ के जवान व स्थानीय पुलिस कर रही थी। सड़क के दोनों ओर खड़े सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से उन्हें विदा की। पूरे राजकीय सम्मान के साथ जवान की अंत्येष्ठि हुई।
हजारों की भीड़ ने दी अंतिम विदाई
सिहासनी गांव में अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। इस दौरान जब तक सूरज चांद रहेगा रविशंकर तेरा नाम रहेगा। विवेक सिंह अमर रहे। भारत माता की जय। वंदे मातरम आदि गगनभेदी नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। रामगढ़वा थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान के नेतृत्व में पुलिस बल ,कोडरमा तथा मुजफ्फपुर सीआरपीएफ से आए सशस्त्र बल ने मृत जवान को बन्दूकों से सलामी दी। मातमी धुन बजाया गया। इसके बाद तिरंगे में लिपटे विवेक को चिता पर सुलाया गया। सीआरपीएफ के अधिकारियों ने राष्ट्रीय ध्वज जवान के पिता अरुण सिंह एवं नन्हें पुत्र विराट वत्स के सुपुर्द किया। गमगीन माहौल में पांच वर्षीय पुत्र विराट ने मृत जवान को मुखाग्नि दी।
सांसद पहुंचे मृत जवान के घर
कोडरमा के बरही कैम्प में मृत जवान विवेक का शव गुरुवार अहले सुबह सीआरपीएफ के अधिकारी ध्रुव कुमार के नेतृत्व में रामगढ़वा थाना पहुंचा। थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान के नेतृत्व में शव को रामगढ़वा गांव,सिसवनिया होते हुए सिंहासनी उनके आवास पर ले जाया गया। इस दौरान युवकों ने गगनभेदी नारे लगाए। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह सांसद डॉ संजय जायसवाल सहित क्षेत्र के दर्जनों जनप्रतिनिधियों ने मृत जवान के घर पहुंच कर सांत्वना दिए ।