Motihari News: नागपंचमी पर निकला अखाड़ा,युवाओं ने दिखाए करतब
Motihari News: मोतिहारी,मोतिहारी संवाददाता। नागपंचमी पर सोमवार की संध्या समय अखाड़ा निकालने के लिए मोहल्लों के

Motihari News: मोतिहारी,मोतिहारी संवाददाता। नागपंचमी पर सोमवार की संध्या समय अखाड़ा निकालने के लिए मोहल्लों के चौक-चौराहों पर सुबह से ही चहल-पहल बढ़ गयी थी। नगर के हेनरी बाजार चौक स्थित बजरंग अखाड़ा,बनियापट्टी चौक के नवयुवक अखाड़ा सहित अनेक युवा समितियों के अखाड़े के युवाओं ने दोपहर तक अपनी आवश्यक तैयारियों को पूरा कर लिया। इस अवसर पर युवाओं ने पहले निकट के हनुमान मंदिरों में पूजन सामग्रियों तथा फलों से पवन पुत्र हनुमान की पूजा अर्चना के साथ-साथ ध्वजा की भी पूजा की।
युवाओं ने निकाला अखाड़ा
दोपहर ढलते ही युवा समितियों के सदस्यों ने ढोल तासे की धुनों पर अखाड़ा निकाला और नगर के मुख्य चौक चौराहों पर जमा होकर युवाओं ने हनुमान जी का जयकारा लगाते हुए अनेक अस्त्र-शस्त्रों का प्रदर्शन किया और अनेक करतब दिखाये।
अखाड़ों में अपने-आपको बचाते हुए लाठी-डंडे सहित युवाओं के अनेक प्रकार के अस्त्र-शस्त्रों का प्रदर्शन देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गयी थी।
नागपंचमी पर हुई नाग देवता की पूजा
नागपंचमी को लेकर नगर सहित जिले में नाग देवता की पूजा अर्चना भक्ति भाव भरे वातावरण में की गयी। इस अवसर पर महिलाओं ने अपने घरों के मुख्य दरवाजे पर गोबर से नाग देवता की आकृति बनायी और लावा-दूध-जल तथा उपलब्ध पूजन सामग्रियों से पूजा कर अपने परिवार के लिए सुख-शांति की कामना की ।


