तुरकौलिया | निज संवाददाता
तुरकौलिया पूर्वी पंचायत के वार्ड चार स्थित शेख शरण टोला सिवान दलित बस्ती में सोमवार की देर शाम अलाव ताप रहे तीन लोगों को कार ने रौंद डाला। जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गयी।मृतक महिला सुदर्शन राम की पत्नी शिवकली देवी है। जबकि उसके पोता सहित दो जख्मी हैं। दोनों जख्मी को इलाज के लिए ग्रामीणों ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
जख्मी विकास (16) व दूसरा सोनू(10) उसी बस्ती के रहने वाले हंै। लापरवाह कार चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि सपही गांव के शेख अब्दुलाह के पुत्र लापरवाही पूर्वक तेज रफ्तार में स्विफ्ट डिजायर कार अपने दो साथियों के साथ चलाते हुए बैरिया बाजार की ओर जा रहा था। शिवकली अपने दरवाजे पर दो अन्य लोगों के साथ अलाव ताप रही थी। कार ने तीनों को रौंद दिया। मरणासन्न स्थिति में शिवकली को सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दो अन्य जख्मी का इलाज किया जा रहा है। पुलिस पहुंच मामले की तहकीकात में जुटी है। मृतक महिला के परिजन का अस्पताल में रो-रोकर बुरा हाल है।